December 6, 2025

गिरिराज सिंह के बयान पर जदयू का पलटवार, नीरज कुमार बोले- गांधी का हत्यारा गोडसे भारत का नहीं बल्कि बीजेपी का सपूत है

पटना। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विवादित बयान देते हुए महात्मा गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे को भारत का सपूत बताया है। बीजेपी नेता के इस बयान पर बिहार की सियासत गर्म हो गई है। गिरिराज सिंह के इस विवादित बयान पर जेडीयू ने जोरदार हमला बोला है। जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि गोडसे को देश, मां का सपूत कहना भारत के माथे पर कलंक के समान है। गोडसे देश का नहीं बल्कि बीजेपी का सपूत हो सकता है। जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा है कि गोडसे को कोई भारत मां का सपूत कह देगा तो वह हिंदुस्तान के माथे पर कलंक है। जिसने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या कर दी, वह भारत का सपूत कैसे हो सकता है। जदयू नेता ने कहा कि जब गोडसे देश का सपूत हो सकता है तो क्या वीरप्पन, चंबल के डकैत, गुंडे और अपराधी भी भारत माता के सपूत हैं? गोडसे भाजपा का सपूत हो सकता है लेकिन जो राष्ट्रपिता की हत्या कर दे वह भारत मां का सपूत नहीं हो सकता है।
गिरिराज सिंह ने गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को बताया था भारत का सपूत
दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे गिरिराज सिंह ने दंतेवाड़ा में गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को भारत का सपूत बताया है। ओवैसी पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह ने कहा है कि नाथूराम गोडसे अगर गांधी का हत्यारा है तो भारत के सपूत भी हैं। वे भारत में पैदा हुए थे और वह औरंगजेब और बाबर की तरह आक्रमणकारी नहीं थे। जिसे बाबर का बेटा कहलाने में खुशी होती है, वह भारत माता का बेटा नहीं हो सकता।

You may have missed