October 24, 2026

बांका में बाइक के लिए सिरफिरे पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, दो महीने पहले हुई थी शादी

शंभुगंज( बांका)। जिले के थाना क्षेत्र के कस्बा शोभनाथपुर गांव में रविवार की सुबह सिरफिरे पति ने नई-नवेली पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी है। घर के सभी सदस्य सो रहे थे तभी पति ने हथौड़े से पत्नी के सिर पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपित फरार हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने पकड़कर आरोपित को पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने आरोपित पवन के साथ ही उसके पिता चमकलाल यादव को भी हिरासत में ले लिया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। दो महीने पहले पवन यादव की शादी मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के बलिया गांव में राजकिशोर यादव की बेटी पार्वती देवी से हुई थी।

शादी के बाद पार्वती पति के साथ ससुराल आई। रक्षाबंधन के दो दिन पहले भाई को राखी बांधने मायका गई थी। इसके बाद पति पवन यादव बराबर घर आने के लिए पत्नी पर दबाव बनाने लगा।

इस कारण शनिवार को पार्वती मायके से ससुराल आई। इसी बीच रविवार की सुबह उसकी हत्या हो गई। पार्वती के पिता राजकिशोर ने बताया कि दामाद बाइक की मांग कर रहा था। बेटी ने यह बात रक्षाबंधन में जाने के बाद बताई।

उसने कहा कि दामाद के दबाव बनाने पर शनिवार को बेटी बहनोई मिथिलेश यादव के साथ ससुराल गई।  इधर, पवन के पिता चमकलाल यादव ने पुलिस से कहा कि उसका बेटा मानसिक रूप से बीमार रहता है। उसका इलाज भागलपुर में मानसिक रोग विशेषज्ञ से चल रहा है।

 

You may have missed