भोजपुर में भीषण सड़क हादसा; अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को मारी टक्कर, हुई मौत
भोजपुर। आरा-बक्सर नेशनल हाइवे पर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के गजराजगंज ओपी अंतर्गत बीबीगंज पेट्रोल पंप के समीप रविवार की मध्य रात्री अज्ञात वाहन ने बाइक सवार चचेरे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा। जानकारी के अनुसार मृतक उदवंतनगर थाना क्षेत्र के गजराजगंज ओपी अंतर्गत छोटकी सासाराम गांव निवासी श्रीशंकर सिंह का 35 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार है। एवं वह पेशे हाईवा चालक था। किधर में तक के भाई हरेराम सिंह ने बताया कि वह रविवार की शाम नवादा थाना क्षेत्र के बाजार समिति स्थित अपने चचेरे भाई सुरेश सिंह के छोटे भाई विजय सिंह के तिलक समारोह में शामिल होने आया था। जब वह रात में अपने चचेरे भाई सुरेश सिंह के साथ बाइक से वापस गांव लौट रहा था।

इसी बीच गजराजगंज ओपी क्षेत्र के बीबीगंज पेट्रोल पंप के समीप पीछे से आ रही अज्ञात वाहन ने उसके बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिसके बाद उन्हें गजराजगंज गश्ती पुलिस द्वारा इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया जा रहा था,तभी रास्ते में ही अंकित कुमार ने अपना दम तोड़ दिया। बावजूद इसके पुलिस उन्हें आरा सदर अस्पताल ले आई जहां चिकित्सक ने देख अंकित कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, जख्मी उसके चचेरे भाई सुरेश सिंह को प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत को चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी प्रियंका देवी,एक पुत्र आर्यन एवं पुत्री जागृति कुमारी है। मृतक की शादी वर्ष 2016 में हुई थी। घटना के बाद मृतक के घर में हाहाकार मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतक के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

