रोहतास में अनियंत्रित कार के नहर में गिरने से भीषण हादसा; 2 मैट्रिक परीक्षार्थी की गई जान, 2 लोग गंभीर रूप से घायल
रोहतास, बिहार। रोहतास में भीषण सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। दोनों आज से मैट्रिक परीक्षा देने वाले थे। बुधवार देर रात दोनों बारात में शामिल होकर ऑल्टो कार से लौट रहे थे। धर्मपुर ओपी क्षेत्र पड़वा गांव में अनियंत्रित होकर उनकी गाड़ी पलट गई और नहर में जा गिरी। कार में 4 लोग सवार थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां दोनों भाइयों ने दम तोड़ दिया। दो की हालत गंभीर है इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के अनुसार, देर रात टर्न लेते समय कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। परिजनों को जानकारी दे दी गई है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। मृतकों की पहचान भगवलिया गांव के धर्मेन्द्र सिंह के पुत्र रोहित (16) और योगेंद्र सिंह के पुत्र अजीत (17) के रूप में हुई है।

दोनों के पिता सगे भाई हैं। घर में एक साथ दो बेटों की मौत होने से घर में कोहराम मच गया है। सिलारी पंचायत के उप मुखिया व भगवलिया गांव के निवासी डब्लू सिंह ने बताया कि दोनों लड़के पड़री गांव से दिनारा के कनीयारी गांव बारात गए थे। चार लोग देर रात दो बजे बारात से लौट रहे थे। ससिरित गांव के पास पड़वा पुल पर विपरीत दिशा से आ रही एक बोलेरो के लाइट के कारण चालक संतुलन खो बैठा और आल्टो नहर में गिर गई। इसमें अजीत और रोहित की मौत हो गई।

