समस्तीपुर में तेज रफ्तार वाहन ने मॉर्निंग वॉक कर रहे युवक को कुचला, हुई मौत, लोगों ने सडक पर जताया विरोध

बिहार। समस्तीपुर में बुधवार की सुबह तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। युवक मॉर्निंग वॉक पर निकला था। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उसे रौंद दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। लोग जब तक घायल युवक को अस्पताल ले जाते, तब तक उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने मुसरीघरारी-समस्तीपुर मुख्य सड़क को जाम करते हुए पुलिस प्रशासन के विरोध में नारेबाजी करने लगे। जाम की वजह से दोनों तरफ करीब 5 KM छोटी-बड़ी गाड़ियों की कतार लगनी शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत करवाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मॉर्निंग वॉक के दौरान हादसे में युवक की मौत हुई है। वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। मृतक की पहचान हरपुर एलौथ गांव निवासी राम शरण पासवान के पुत्र राम उदगार पासवान (35 वर्ष) के रूप में हुई है। आक्रोशित लोगों का कहना है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले। वाहन और उसके चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे।

You may have missed