बेतिया में तेज़ रफ्तार का कहर; ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचला, हुई मौत
बेतिया। बिहार के बेतिया में सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पिपरा चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे में घायल तीनों को स्थानीय लोगों की मदद से जब तक अस्पताल पहुंचाया जाता, उससे पहले ही तीनों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और हाईवे को जाम कर दिया। जिसकी वजह से आवागमन बाधित हो गया।

स्थानीय लोग ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेने की कोशिश में जुटी है। पुलिस के मुताबिक हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। तीनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। ट्रक ड्राइवर की तलाश में छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि रफ्तार की वजह से आये दिन कई लोगों को अपने जान गंवानी पड़ती है। एक बार फिर रफ्तार ने तीन लोगों की जिंदगी खत्म कर दी।

