पटना में 50 जगहों पर लगेंगे हाईमास्ट लाइट, निकाय चुनाव के बाद शुरू होगा काम

पटना। कुछ ही दिनों में राजधानी पटना के सभी प्रमुख चौक-चौराहे हाईमास्ट लाइट की रोशनी से जगमग हो उठेंगे। नगर निगम ने इसकी कवायद शुरू कर दी है। नगर निगम की मानें तो राजधानी पटना के 50 चौक-चौराहे पर जल्दी ही हाईमास्ट लाइट लगा दिया जाएगा। इसे लेकर निगम आयुक्त अनिमेष कुमार पारासर ने संबंधित कर्मी को निर्देश जारी कर दिया है। हाईमास्ट लाइट के लिए अभी तक राजधानी के कई जगहों को चिन्हित भी कर लिया गया है। जिनमें दिनकर चौराहा, वैशाली गोलंबर, कंकरबाग के विभिन्न क्षेत्र, बोरिंग कैनाल रोड, सहदेव महतो मार्ग सहित कई अन्य स्थान शामिल हैं। बाकी जगहों को भी चिन्हित किया जा रहा है। इस बाबत नगर आयुक्त कार्यालय ने सर्वे रिपोर्ट तैयार कर मांगा है।
नगर निगम चुनाव होने के बाद लगेगा हाईमास्ट लाइट
नगर निगम की चुनाव की प्रक्रिया समाप्त होते ही हाई मास्ट लगाने की कागज़ी प्रक्रिया पूर्ण कर लाइट लगाने का कार्य फिर से शुरू कर दिया जाएगा। यही नहीं, पटना नगर निगम ने शहर में मौजूद ब्रिजों में से 19 ब्रिजों की स्ट्रीट लाइटिंग की व्यवस्था अपने हाथों में ले ली है। बता दें कि शहर को रोशन करने के उद्देश्य से निगम पहले ही शहर के विभिन्न मोहल्लों में 80000 से अधिक स्ट्रीट लाइट लगा चुका है। अब 50 हाई मास्ट से शहर को जगमग किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। पटना नगर निगम ने कुछ दिनों पहले ही डीएम आवास के पास स्ट्रीट लाइट लगा दी है। इस कारण गांधी म्यूजियम के आसपास का क्षेत्र रात में जगमग हो उठता है। पहले लाइट नहीं होने के कारण इस जगह पर अंधेरा पसरा रहता था। वहीं निगम द्वारा बांस घाट व काली घाट के पास भी स्ट्रीट लाइट लगा दी गयी है। सहदेव महतो मार्ग, गांधी मैदान आरबीआई के सामने भी लाइट लगाने का काम पूरा हो गया है।

About Post Author

You may have missed