बिहार को अगले 3-4 दिनों में कंपकंपायेगी ठंढ, 3 डिग्री लुढ़का पटना का तापमान
पटना। बिहार में ठिठुरन अगले 3-4 दिनों में बढ़ने वाली है। पिछले 24 घंटे में पटना का पारा लगभग तीन डिग्री तक लुढक गया है। इस दौरान अन्य शहरों में भी न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट देखी जा रही है।
पटना के अलावा गया, भागलपुर और पूर्णिया में अधिकतम तापमान में 2 से ढाई डिग्री गिरावट आयी है। सबसे ज्यादा बक्सर में अधिकतम तापमान में 4.5 डिग्री गिरावट दर्ज की गयी है। शनिवार की रात से ही ठंड बढ़ने के बाद लोग गर्म कपड़े में नजर आने लगे तो वहीं सड़कों पर भी सन्नाटा दिख रहा और सुबह मेें लोग धूप सेकते नजर आए।
मौसम विभाग की मानें तो 15 दिसंबर के बाद 4 से 5 डिग्री तक पारा और नीचे जायेगा। उत्तरी पश्चिमी हवा का प्रवाह तेजी से बढ़ रहा है और पर्वतीय क्षेत्रों से आ रही बर्फीली हवा की वजह से बिहार के अधिकतर शहरों में तापमान में कमी आयी है। अगले 4 दिनों में न्यूनतम तापमान घटकर 9 से 8 डिग्री तक पहुंच जाएगा, जिसके बाद लोगों को अलाव की जरूरत पड़ सकती है।


