बिहार में तापमान गिरने से पड़ी कड़ाके की ठंड, नए साल में लोगों की समस्या बढ़ाएगी कनकनी और शीतलहर

पटना। बिहार की राजधानी पटना के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है। न्यूतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है। वहीं, गया में सबसे ज्यादा ठंड पड़ रही है। इसके अलावा भागलपुर के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले पांच दिनों में मौसम अपना प्रचंड ठंड वाला रूप दिखायेगी। मौसम विभाग के मुताबिक इन दिनों पहाड़ी इलाकों पर बर्फीली हवा चलने के साथ बर्फबारी भी हो रही है। उसका असर मैदानी इलाकों वाले राज्यों पर देखा जा रहा है। विभाग की मानें, तो अब आने वाले दिनों में सूबे में रात के तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज की जाएगी। सुबह और शाम ठिठुरन बढ़ेगी। लोगों को कनकनी का एहसास होगा। कंपकंपी का आलम होगा। सर्द हवा चलने से सिहरन भी बढ़ेगी। चिकित्सकों ने लोगों से सावधान रहने के साथ ताजा भोजन करने की सलाह दी है। गया और सबौर के तापमान में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी पटना में शुक्रवार की सुबह जैसे ही लोगों ने आंखें खोली, उनका स्वागत कोहरे ने किया। विजिबिलिटी काफी कम रही। वाहनों की रफ्तार पर लगाम दिखा। तेज पछुआ हवा की वजह से आठ बजे रात से प्रचंड ठंड की शुरुआत हो गई। देर रात तक ग्रामीण इलाकों में लोगों ने अलाव जलाया, वहीं राजधानी पटना के रैन बसेरों में रिक्शा चालक जल्दी लौट आए, हालांकि अभी तक प्रशासन की ओर से उनके लिए कंबल और जलावन की व्यवस्था की खबर नहीं आई है। शाम होते ही गाड़ियां सड़कों से गायब दिखीं, उधर लोगों ने गर्म कपड़ों के दुकानों में जमकर खरीदारी की। गया का तापमान लुढ़क कर 6.6 डिग्री सेल्सियस और भागलपुर सबौर का तापमान 6 डिग्री सेल्सियस हो गया है। सबौर में दिल्ली से भी ज्यादा ठंड है।
बदलते मौसम में सावधान रहना जरूरी
ठंड बढ़ने के साथ लोगों में कोल्ड कफ की समस्या बढ़ने लगी है। इस मौसम में होने वाली मौसमी बीमारियों से लोग जूझने लगे हैं। चिकित्सकों ने लोगों को बचने की सलाह दी है। डॉ. सरिता सिन्हा ने बताया कि लोगों को इस दौरान सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सावधान रहना होगा। इस दौरान ठंड से प्रभावित होने की समस्या बढ़ जाती है। इसलिए गर्म कपड़े जरूर पहनें। ग्रामीण इलाके के लोगों को और भी सावधान रहने की जरूरत है। चिकित्सकों के मुताबिक यदि आवश्यक कार्य न हो, तो घर से बाहर नहीं निकलने से बचें। उन्होंने ग्रामीण इलाके के लोगों को सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि बुजुर्गों का ख्याल रखें, उन्हें पीने के लिए गुनगुना पानी दें। घर में हमेशा ठंड के दौरान पीने के लिए गुनगुने पानी का प्रयोग करें।
प्रदेश में जल्द बंद होंगे सभी सरकारी स्कूल
बिहार में पिछले कुछ दिनों से ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। बढ़ती ठंड को देखते हुए शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी स्कूलों के 26 दिसंबर से 31 दिसंबर तक बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने शुक्रवार को सभी जिलों के डीएम को इस बारे में पत्र लिखा है। पत्र में दीपक कुमार सिंह ने कहा है कि अपने जिले में ठंड की समीक्षा करते हुए डीएम सरकारी स्कूलों में 26 दिसंबर से 31 दिसंबर 2022 तक बंद कर सकते हैं।

About Post Author

You may have missed