पटना सहित बिहार के अन्य जिलों में बूंदाबांदी से बढ़ी ठंड, 48 घंटे में वर्षा की संभावना, रात में 4 डिग्री तक गिरेगा पारा
पटना। बिहार में एक बार फिर बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश का मौसम बन रहा है। पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 48 घंटे में राज्य के 24 जिलों में बारिश का सिस्टम एक्टिव होगा। इस दौरान गरज और आकाशीय बिजली का भी प्रभाव दिखाई पड़ सकता है। हिमालय की तराई से होकर गुजर रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण ऐसा मौसम बन रहा है, जिसका प्रभाव आने वाले 3 से 4 दिनों के तापमान पर भी दिखाई देगा। देर रात पटना में तेज गरज के साथ हल्की बारिश और कई जगहों पर बूंदाबांदी हुई है। पश्चिम विक्षोभ के प्रभावों से एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। सूबे के उत्तर पश्चिमी भाग, दक्षिण मध्य भाग और दक्षिण पश्चिमी भाग के मौसम पर बुधवार को इसका असर देखा गया। गुरुवार को इसका प्रभाव सूबे के दक्षिण पूर्व और दक्षिण मध्य भाग में दिखेगा। आसमान में बादल छाये रहेंगे।

कुछ जगहों पर आंशिक बारिश होगी। हालांकि इस बार बादलों की उग्रता न के बराबर होगी और गरज-तड़क की विशेष स्थिति बनती नहीं दिख रही है। मौसमविदों का अनुमान है कि शुक्रवार से बारिश की गतिविधियां बंद हो जाएंगी और उसके बाद फिर से उत्तरी पश्चिमी हवाओं का प्रभाव सूबे में दिखेगा। अभी सूबे में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार के बाद फिर से उत्तरी पछुआ हवाओं का प्रभाव बनते ही कनकनी बढ़ेगी और न्यूनतम तापमान तीन से चार डिग्री तक नीचे आ सकता है। अगले 24 घंटों के दौरान रात के तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद अगले 3 से 4 दिनों तक रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट देखी जा सकती है। अगले दो दिनों के दौरान हल्के से मध्यम कोहरा अथवा धुंध छाए रहने का भी पूर्वानुमान है
पटना में देर रात तेज गरज के साथ बारिश
बुधवार की रात पटना सहित एक दर्जन से अधिक जिलों में तेज गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकी। इस दौरान बंदूाबांदी के साथ कई इलाकों में हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 24 से 48 घंटे तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। गरज और हल्की बारिश से बूंदाबांदी से मौसम भी फिर थोड़ा ठंडा होगा।

