February 20, 2026

PATNA : कोरोना टेस्टिंग की जांच पड़ताल को DM ने किया कई सेंटरों का दौरा, पर्याप्त संख्या में बेड रखने की तैयारी

पटना। शनिवार को पटना के डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कोरोना टेस्टिंग की जांच पड़ताल को लेकर कई सेंटर का दौरा किया। डीएम ने गर्दनीबाग हॉस्पिटल, लोकनायक जयप्रकाश नारायण हॉस्पिटल राजवंशीनगर, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शास्त्रीनगर, न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल में संचालित कोरोना टेस्टिंग की व्यवस्था देखी। डीएम ने प्रत्येक सेंटर पर टीम की संख्या बढ़ाने तथा उसी के अनुसार वैक्सीनेटर और वेरीफायर की तैनाती करने का निर्देश दिया है। टेस्ट के लिए लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए डीएम ने पुरुष और महिला दोनों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था का निर्देश दिया है। इसके साथ ही प्रत्येक सेंटर पर किए गए टेस्ट का उसी दिन पोर्टल पर अपलोड करने का भी निर्देश दिया गया है।
सोशल डिस्टेंसिंग रखने का निर्देश
डीएम ने के. बी. सहाय उच्च विद्यालय शास्त्रीनगर सेंटर पर संचालित वैक्सीनेशन का निरीक्षण किया, जिसमें वैक्सीनेशन के लिए सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बच्चों को पंक्तिबद्व रखने का निर्देश दिया है। डीएम ने लोगों से कहा है कि सतर्कता एवं सावधानी से ही बचाव संभव है। इसलिए सभी लोग सतर्क रहें, सावधान रहें तथा कोविड मानक का पालन करते हुए मास्क का अनिवार्य प्रयोग करें।
पटना में पर्याप्त संख्या बेड की चल रही तैयारी
कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए पटना में बेड की तैयारी की जा रही है। पर्याप्त संख्या में बेड, आक्सीजन सिलेंडर, आक्सीजन कंसंट्रेटर, दवा सहित अन्य आवश्यक तैयारी कर ली गई है। लेकिन अभी लोग होम आइसोलेशन के माध्यम से ठीक हो रहे हैं। हॉस्पिटल एवं आक्सीजन के डिमांड में तेजी नहीं है। पाटलिपुत्रा स्पोर्ट्स कंपलेक्स में कोरोना के 7 संक्रमित तथा होटल पाटलिपुत्र अशोक के डेडीकेटेड कोविड हेल्थकेयर सेंटर में एक व्यक्ति भर्ती हैं। वहीं कंगन घाट एवं मित्तन घाट पर भी 1 सप्ताह में व्यवस्था शुरू हो जाएगी। संक्रमित व्यक्तियों की बढ़ती संख्या के आधार पर आवश्यकतानुसार बेड आॅक्सीजन सहित अन्य सुविधा बढ़ाई जाएगी। प्रशासनिक स्तर पर कोरोना संक्रमण की पूरी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा संक्रमितों का हालचाल लिया जा रहा है। टेलीमेडिसिन द्वारा मेडिकल परामर्श दिए जा रहे हैं तथा कोरोना नियंत्रण कक्ष से आवश्यक जानकारी दी जा रही है।

You may have missed