February 17, 2026

पटना में मानसिक तनाव से परेशान होकर डेंटिस्ट ने की आत्महत्या, फांसी लगाकर दी जान

फाइल फोटो

पटना। राजधानी पटना में एक डेंटिस्ट ने सुसाइड कर लिया है। उसकी लाश फांसी के फंदे से लटकी हुई मिली। मामला राजधानी के पीरबहोर थाना इलाके का है। सुसाइड करने वाले डेंटिस्ट का नाम अफजाल अली है। पटना कॉलेज के सामने ये अपनी क्लीनिक चला रहे थे। अपनी जिंदगी को खत्म करने का खौफनाक कदम इन्होंने बुधवार की रात उठाया। डेंटिस्ट का घर सब्जीबाग के दर्जी टोला इलाके में है। तीन फ्लोर वाले घर में एक स्टोर रूम है और इसी में फांसी का फंदा बनाकर 32 साल के डॉक्टर अफजाल अली झूल गए। अपनी जिंदगी को हमेशा के लिए खत्म कर दिया। इन्हें खोजते हुए परिवार के दूसरे सदस्य जब स्टोर रूम पहुंचे तब खौफनाक मंजर को देख उनके होश उड़ गए। परिवार के सदस्य ने ही पीरबहोर थाना को कॉल कर जानकारी दी। तब पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। इसके बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया। थानेदार सबीह उल हक ने बताया कि इस मामले में यूडी केस दर्ज किया गया है। थानेदार के अनुसार इस सुसाइड के पीछे की वजह पत्नी से हुआ विवाद है।

पुलिस के अनुसार उनकी एक शादी पहले हुई थी। पर वह उन्हें छोड़कर चली गई। एक-डेढ़ महीने पहले ही डॉ. अफजाल ने दूसरी शादी की थी। लव मैरेज हुई थी। शादी के बाद दोनों के बीच विवाद गहराने लगा। इसी कारण दूसरी पत्नी भी उन्हें छोड़कर चली गई। इस कारण वो मानसिक तनाव में रह रहे थे। घर में परिवार के लोगों के मौजूद होने के बावजूद वो रात में स्टोर रूम गए। इसके बाद फांसी लगा सुसाइड कर लिया। डॉ. अफजाल तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। सबसे बड़े भाई दिल्ली में रहते हैं। जबकि, दूसरे नंबर पर आफताब अहमद हैं और ये भी डॉक्टर हैं। इनकी पोस्टिंग जहानाबाद के सदर हॉस्पिटल में है। इस घटना के सामने आने के बाद परिवार के लोगों का रो-रो कर हाल बेहाल है।

You may have missed