September 28, 2026

नालंदा में महिला की संदिग्ध मौत से हड़कंप, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में शनिवार देर रात को महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। रविवार की अहले सुबह कमरे में फंदे से लटका हुआ महिला का शव बरामद किया गया। घटना जिले के रहुई थाना क्षेत्र के मई-फरीदा गांव की हैं। महिला का शव उसके मायके में फंदे से लटका हुआ मिला। मृतका की पहचान स्व. नगीना पासवान की वर्षीय बेटी ईशा कुमारी के रूप में की गई है। परिजन देर शाम शव के पोस्टमॉर्टम को लेकर बिहार शरीफ सदर अस्पताल पहुंचे। फिलहाल मौत के कारणों पर सस्पेंस बना हुआ है। ईशा अपने पति तेज प्रकाश और ससुराल वालों के साथ उत्तर प्रदेश के लखनऊ में रहती थी। मात्र एक महीने पहले ही वह अपने मायके आई थी। सुबह उसने घर के सभी सदस्यों को खाना खिलाया और इसके बाद यह घटना हुई। जब परिवार के लोग बिजली बिल संबंधी काम से हरनौत पावर ग्रिड गए थे, तभी पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी कि ईशा फंदे से लटक रही है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन घर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। रहुई थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतका के भाई ने बताया कि ईशा की शादी तीन साल पहले हुई थी और इस दौरान कभी कोई विवाद नहीं हुआ था। उनके एक डेढ़ साल की बेटी भी है।

You may have missed