पटना समेत पुरे बिहार में कोल्ड डे का कहर, नए साल में लोगों को मिलेगी ठंड से राहत

पटना। बिहार के मौसम में बदलाव आया है। कहीं घना कोहरा है तो कहीं आंशिक बादलों की आवाजाही से ठंड बढ़ी है। पटना समेत प्रदेश के गया, औरंगाबाद, रोहतास, शेखपुरा, बांका, भागलपुर, खगड़िया, बेगूसराय, सीवान, सीतामढ़ी, पूर्णिया जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। पटना समेत कुछ जगहों पर अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है। यानी कि रातों के साथ दिन भी ठंडे हो रहे हैं। वही शनिवार को साल 2022 का आखिरी दिन है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में शीतलहर से हल्की राहत मिलने के आसार हैं। पटना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट आई है। यह 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना और इसके आसपास में शुक्रवार को घना कोहरा छाया रहा और विजिबिलिटी महज 25 मीटर दर्ज की गई।
नए साल में मिलेगी ठंड से राहत
मौसम विभाग के मुताबिक नए साल की शुरुआत में बिहार के लोगों को शीतलहर से हल्की राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विज्ञानी की मानें तो मध्य भारत में प्रतिचक्रवात के प्रभाव से अगले दो दिनों के दौरान राज्य भर में रात के तापमान में दो से चार डिग्री की वृद्धि की संभावना है। प्रदेश के उत्तरी क्षेत्रों में पूर्वी हवा व दक्षिण क्षेत्र में पछुआ का प्रवाह हो रहा है। दो तरफा हवा के मिश्रण के कारण प्रदेश में दो दिनों तक घना कोहरा का असर रहेगा। वहीं तापमान में वृद्धि होने से कनकनी से राहत मिलेगी। नव वर्ष पर मौसम खुशनुमा रहने के आसार हैं। मोतिहारी और सुपौल में शुक्रवार को शीतदिवस जैसे हालात रहे। गया, भागलपुर, वाल्मीकि नगर में घने कोहरे का असर दिखा। जबकि पूर्णिया में 150 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। 6.0 डिग्री सेल्सियस के साथ भागलपुर का सबौर सबसे ठंडा रहा।

About Post Author

You may have missed