चिराग पासवान का मुख्यमंत्री पर हमला, बोले- अपनी नाकामयाबी छिपाने के लिए विशेष राज्य की मांग कर रहे नीतीश

- चिराग का आरोप: सीएम ने दबाव डालकर मेरे पिता का बंगला खाली करवाया, लोग हंसते हैं की कहा ताड़ी बेचने वाले जेल में, माफिया बाहर
पटना। राजधानी पटना में आयोजिक एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विशेष राज्य के दर्जा की मांग उठाकर सियासत को गर्म कर दिया है। सीएम नीतीश ने एलान किया है कि वे जल्द ही इसको लेकर यात्रा पर निकलेंगे। मुख्यमंत्री के इस एलान पर लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने हमला बोला है। जमुई सांसद चिराग पासवान ने शुक्रवार को पटना स्थित कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने बिहार के बालू माफिया और अस्पताल में हो रहे गोरखधंधे को लेकर सीएम नीतीश कुमार पर हमला बोला। चिराग ने कहा है कि इतने सालों तक बिहार का मुख्यमंत्री रहने के बाद विशेष राज्य के दर्जा की मांग करना नीतीश की नाकामी को दर्शाता है। चिराग पासवान ने कहा है कि बिहार के मुख्यमंत्री को शर्म आनी चाहिए। 19 साल मुख्यमंत्री रहने के बावजूद अगर विशेष राज्य के दर्जा के लिए मुहिम चलाना पड़े तो यह सरकार की विफल नीतियों को दर्शाता है। आखिर क्यों नहीं 19 सालों में बिहार को इतना सक्षम बनाया ताकि बिना किसी के आगे हाथ फैलाए बिहार को आगे बढ़ाया जा सके। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कोई एक भी ऐसी योजना बता दें जिससे बिहार का राजस्व बढ़ा हो। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने किसी भी क्षेत्र में राजस्व को बढ़ाने की कोशिश नहीं की। अगर राजस्व को नहीं बढ़ाया जाता है तो आज से सौ साल बाद भी विशेष राज्य के दर्जा की मांग करते रहेंगे। इसके लिए न सिर्फ मुख्यमंत्री बल्कि पूरे गठबंधन को शर्म आनी चाहिए। 34 वर्षों तक राज करने के बाद आज विशेष दर्जा की याद आई है। 34 साल में भी सरकार बिहार की अर्थव्यवस्था को इतना आगे नहीं बढ़ा सकी कि ताकि राज्य आत्मनिर्भर बन सके। नीतीश कुमार को विशेष राज्य के दर्जा की जरुरत बिहार के लिए नहीं है बल्कि वे अपने भ्रष्टाचार को और आगे बढ़ा सकें। चुनाव आने वाले हैं ऐसे में इन्हें चुनाव में खर्च करने के लिए और पेसौं की जरुरत है। केंद्र सरकार ने बिहार को विभिन्न योजनाओं में कितने पैसे दिए लेकिन इन्होंने खर्च कितना किया और कितनी राशि वापस लौटानी पड़ी है मुख्यमंत्री को यह बताना चाहिए। जो लोग केंद्र की योजनाओं के पैसों में धांधली करते हैं वे विशेष राज्य के पैसों का भी इस्तेमाल करेंगे। आखिर कौन सी वजह है कि 34 साल के बाद मुख्यमंत्री को अचानक याद आ गया कि वे विशेष दर्जा के लिए यात्रा निकालेंगे। जब पहली बार मुख्यमंत्री बने थे तो उस वक्त केंद्र में यूपीए की सरकार थी, उस वक्त क्यों नहीं विशेष राज्य के दर्जा के लिए यात्रा निकाली थी। जब डबल इंजन की सरकार बनी तब क्यों नहीं मांग उठाई। जिस मंच पर मांग करनी चाहिए वहां जाते नहीं हैं। नीति आयोग की बैठक से इनको बैर है, वहां जाकर बात नहीं करेंगे। नीतीश कुमार किसको मुर्ख बना रहे हैं। क्या वे समझते हैं कि सब लोग यहां मुर्ख बैठे हुए हैं। नीतीश कुमार अपनी बुद्धि सिर्फ इस बात में लगाते हैं कि उन्हें राजनीतिक लाभ कैसे उठाना है। सही में अगर विशेष राज्य का दर्जा चाहिए था तो जब मुख्यमंत्री बने थे उस समय मांग उठानी चाहिए थी। जिससे मांग करनी चाहिए थी, जिन्होंने इन्हें विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया उनके साथ गठबंधन कर लिया।
चिराग का आरोप: सीएम ने दबाव डालकर मेरे पिता का बंगला खाली करवाया, लोग हंसते हैं की कहा ताड़ी बेचने वाले जेल में, माफिया बाहर
आपराधिक घटनाओं का भी जिक्र किया। चिराग पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के व्यवहार से लोग हंसते हैं। आज ताड़ी बेचने वाले जेल में हैं और माफिया बाहर हैं। चिराग पासवान ने कहा कि प्रदेश के लिए दुर्भाग्य की बात है। आए दिन किसी न किसी को दुख देखना पड़ रहा है। इसका कारण सिर्फ और सिर्फ बिहार सरकार है। बिहार में लगातार आपराधिक घटनाएं घट रही हैं। हमारे सीएम को कुछ फर्क ही नहीं पड़ रहा कि कौन जी रहा है कौन मर रहा है। नीतीश कुमार पर हमला करते हुए चिराग ने कहा कि एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कह रहे हैं मंत्री को कि सिर्फ मेरी सुनिए। आपकी बात नहीं सुन रहे हैं तो किसकी सुन रहे हैं? आखिर ऐसी क्या वजह है कि सीएम को अपने ही मंत्री को कहना पड़ रहा है कि हमारी बात सुनें। जमुई में कुछ दिन पहले हुई दारोगा प्रभात रंजन की हत्या को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि इसका कारण बालू माफिया हैं। बिहार के हर जिले में अवैध तरीके से बालू खनन हो रहा है। बालू टेंडर की प्रक्रिया में भ्रष्टाचार हो रहा है। सीएम आज हैं, कल सीएम पद पर नहीं रहेंगे। नीतीश कुमार को लेकर चिराग ने तंज कसते हुए कहा कि मेरे सीएम को होश है? कृषि प्रधान प्रदेश है हमारा। आने वाले दिनों में बिहार सुखाड़ प्रदेश बन जाएगा। बालू खनन खुलेआम हो रहा है। प्रशासन के संरक्षण में हो रहा है। किसी को कोई फर्क नहीं पड़ता है। सभी सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों का यही हाल है। डॉक्टरों के अभाव में जान चली गई। चिराग पासवान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को विधानसभा में नीतीश कुमार ने अपमानित करने का काम किया। तुम-ताम की भाषा कहां से आ गई? बच्चों से हमलोग आप कहकर बात करते हैं। जीतन राम मांझी तो उम्र में आपसे (नीतीश कुमार) बड़े हैं। मुख्यमंत्री के व्यवहार से लोग हंसते हैं। मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए चिराग को अपने पिता रामविलास पासवान की याद आ गई। कहा कि जब मेरे नेता वेंटिलेटर पर जिंदगी मौत से लड़ रहे थे तब हमारे मुख्यमंत्री को इस बात की जानकारी नहीं थी। हमारे नेता को हमेशा से मुख्यमंत्री ने अपमानित करने का काम किया है। 2005 में भी हमारे नेता की पार्टी को तोड़ने का काम किया था। इनको लगता है कि रामविलास पासवान का खून है कैसे आगे बढ़ जाएगा उसको तोड़ो। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दबाव में घर खाली करवाया गया था।
