February 12, 2026

समस्तीपुर में जमीनी विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई और भाभी को मारा चाकू, हालत गंभीर

समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोरबाद्धा गांव स्थित महदईया वार्ड 37 मोहल्ला में गुरुवार रात भूमि विवाद को लेकर भाइयों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान छोटे भाई ने भाभी और बड़े भाई पर चाकू से हमला कर दिया। भाई को पेट में चाकू लगी है जबकि भाभी को पीठ में चाकू मारी गई है। हल्ला होने के बाद जुटे लोगों ने जख्मी दंपति को सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। जख्मी दंपत्ति की पहचान गांव के संतोष कुमार और उनकी पत्नी रिंकू देवी के रूप में की गई है। अशोक कुमार और संतोष कुमार दोनों सहोदर भाई हैं। जमीन बंटवारे को लेकर दोनों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार रात जमीन को लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी शुरू हुई। फिर देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। छोटे भाई अशोक ने अपने ही बड़े भाई संतोष पर चाकू से वार कर दिया। बीच बचाव के दौरान संतोष की पत्नी पर भी अशोक ने चाकू से वार कर दिया। घायल संतोष का कहना है कि उसका छोटा भाई नशे का आदी है। वो अपने हिस्से की लगभग पूरी जमीन बेच चुका है। जो जमीन बची है वो भी बेचना चाहता है। गुरुवार की रात भी उसने जमीन बेचने की बात कही, मना करने पर मारपीट पर उतारु हो गया। सदर अस्पताल पहुंचकर मुफस्सिल थाना की पुलिस ने पीड़ित परिवार का बयान दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर घटना हुई है। अशोक कुमार और उसकी पत्नी चुनचुन देवी का नामजद किया गया है।

You may have missed