नालंदा में तीन दिनों से गायब महिला का शव नदी से बरामद, परिजनों ने जताई डूबने की आशंका
नालंदा। बिहार के नालन्दा जिले में 3 दिन से लापता महिला का शव शनिवार की सुबह नदी से बरामद हुआ है। मामला नगर थाना क्षेत्र के रामजीचक गांव के पश्चिम गोईठवा नदी का है। मृतका की पहचान रामजीचक गांव निवासी सुधीर पासवान की (40) वर्षीया पत्नी मूर्ति देवी के रूप में की गई है। घटना के संबंध में मृतका के परिजन ने बताया कि मूर्ति देवी 6 दिसम्बर की शाम शौच के लिए घर से निकली थी। इसके बाद से वह घर नहीं लौटी, काफी खोजबीन की गई बावजूद कहीं अता पता नहीं चल रहा था। शनिवार की सुबह जब कुछ लोग शौच के लिए गांव से पश्चिम गोइठवा नदी किनारे गए तो महिला का शव पानी मे उपलाया हुआ था। परिजन आशंका व्यक्त कर रहें हैं कि पानी छूने के उपरांत पैर फिसल गया होगा और गहरे पानी में चले जाने के कारण डूबकर मौत हो गई। मृतका के तीन बेटे और एक बेटी है। नगर थाना अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने बताया की नदी में महिला के शव मिलने की सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया। यूडी केस दर्ज कर पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है। महिला 3 दिनों से लापता थी। आपदा के तहत जल्द ही मृतका के आश्रितों को मुआवजा उपलब्ध करा दिया जाएगा।


