दिल्ली में मेयर चुनाव से पहले भिड़े भाजपा और आप के पार्षद, मारपीट और हाथापाई में खूब चली कुर्सियां

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली को आज शुक्रवार को नया मेयर (महापौर) मिलने वाला है। लेकिन उससे पहले ही सिविक सेंटर मेयर पद के चुनाव के दौरान हंगामा हो गया है। बताया जा रहा है कि मनोनीत सदस्यों को पहले शपथ दिलाने को लेकर हंगामा हुआ है। हंगामा इतना बढ़ गया है कि आप और भाजपा पार्षदों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। पार्षद प्रोटेम स्पीकर की कुर्सी पर चढ़कर हंगामा कर रहे हैं। इस वजह से सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी है। इस दौरान पार्षद एक-दूसरे के साथ तीखी बहस करते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, वो एक-दूसरे पर कुर्सी भी फेंक कर रहे हैं।
मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर भाजपा पर साधा निशाना
सिविक सेंटर में आम आदमी पार्टी और भाजपा के पार्षदों में हुए हंगामे के बीच दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा कि MCD में अपने कुकर्मों को छिपाने के लिए और कितना गिरोगे भाजपा वालो। उन्होंने कहा कि चुनाव टाले, पीठासीन अधिकारी की गैरकानूनी नियुक्ति, मनोनीत पार्षदों की गैरकानूनी नियुक्ति, और अब जनता के चुने पार्षदों को शपथ न दिलवाना। अगर जनता के फैसले का सम्मान नहीं कर सकते तो फिर चुनाव ही किसलिए वही भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी क्यों डर रही है। आप नैतिक रूप से हार चुकी है। क्या उसे लगता है कि उसके पार्षद उसकी पार्टी का समर्थन नहीं करेंगे।
भाजपा पर आप पार्षद ने लगाया आरोप
आप पार्षद प्रवीन कुमार ने कहा कि भाजपा गुंडागर्दी कर रही है। चुने गए पार्षदों की बजाय मनोनीत सदस्यों की पहले शपथ दिलाई जा रही है। जब हमने इसका विरोध किया और पहले निर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण कराने की मांग की तो हंगामा हो गया। सिविक सेंटर में बरपे हंगामे पर भाजपा और आप एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि आप पार्षदों द्वारा हंगामा किया जा रहा है, क्योंकि नियमों के बारे में कुछ भी पता नहीं है। जब वो बहुमत में हैं, तो उन्हें किस बात का डर है। उन्होंने कहा कि आप के सांसद राज्यसभा में भी ऐसा ही करते हैं। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के मुख्यालय सिविक सेंटर में जीते पार्षदों को पद व गोपनीयता की शपथ के साथ महापौर, उपमहापौर व स्थायी समिति के छह सदस्यों का चुनाव होगा। 7 दिसंबर को एमसीडी चुनाव के नतीजे घोषित हुए थे। आम आदमी पार्टी ने 134 सीटें और बीजेपी ने 104 सीटें जीती थीं। वहीं कांग्रेस को 9, जबकि अन्य को 3 सीटें मिली थीं।
तीन रंग में अलग-अलग मत पेटी
चुनाव के लिए एमसीडी ने तीन अलग-अलग मत पेटी तैयार की हैं। महापौर के चुनाव के लिए सफेद रंग की मत पेटी, उपमहापौर के चुनाव के लिए हरे रंग की मत पेटी व स्थाई समिति सदस्यों के चुनाव के लिए गुलाबी रंग की मत पेटी निर्धारित की गई हैं। पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से चले इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं। आम आदमी पार्टी ने शैली ओबेराय को महापौर पद का प्रत्याशी बनाया है, जबकि उप महापौर के लिए आले मोहम्मद इकबाल को उतारा है। इसी तरह आमिल मलिक, रविंद्र कौर, मोहिनी जीनवाल और सारिका चौधरी को स्थायी समिति सदस्य के लिए मैदान में उतारा है। भाजपा ने महापौर पद के लिए रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। तीसरी बार पार्षद व भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा गुप्ता के कंधों पर भाजपा को जीत दिलाने का दारोमदार है।

About Post Author

You may have missed