बाढ़ : भाड़ा को लेकर चली गोली में 3 घायल, नौ लोग गिरफ्तार, तनाव का माहौल

बाढ़। बिहार में लॉकडाउन के दौरान अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दिया है। पटना के बाढ़ थाना अंतर्गत शेखोपुर के लोगों की नींद मंगलवार को गोलियों की तड़त़ाहट से खुली। अचानक गोलियों की आवाज सुनकर लोग सहम गए। जब तक लोग घटनास्थल की ओर जाते तीन लोग गोली से गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए बाढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां से दो घायलों को डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। इधर, मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन करने में जुट गई। पुलिस पूरी घटना को आपसी विवाद में फायरिंग की मान रही है। 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।


मिली जानकारी के अनुसार, शेखोपुर में बीते दिनों बारात के लिए भाड़े पर एक पक्ष ने बोलेरो किया था। बोलेरो लेट से पहुंची। कम लोगों को लेकर ही चली गई। इसके बाद भाड़ा मांगने पर शेखोपुर गांव के ही दोनों पक्षों में विवाद हो गया। पहले तो जमकर मारपीट हुई। और देखते-देखते मारपीट फायरिंग में बदल गयी। इस घटना में सतीश कुमार, रोशन कुमार व धनंजय कुमार को गोली लग गई। तीनों को बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से सभी को प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। वहीं मारपीट में जख्मी एक व्यक्ति का इलाज बाढ़ अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना पर बाढ़ थाने की पुलिस पहुंची और नौ लोगों को गिरफ्तार कर थाने ले आई।
इधर, एक पक्ष के घायल रोशन के पिता मुरारी राय की मानें तो बीते सोमवार को रोशन शादी में दिए गाड़ी का बकाया पैसा मांगने गया तो पैसा देने की बजाय गाली देकर उसे भगा दिया गया। इसके बाद मंगलवार की सुबह जब रोशन शौच के लिए जा रहा था, इस दौरान जिससे पैसे की मांग की थी, उनके लोगों ने घेर कर गोली मार दी। जब रौशन की गोली लगने की सूचना परिजनों को मिली तो दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई, जिसमें रौशन के साथ दो अन्य घायल हुए हैं। गोलीबारी के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घायल लोगों को अनान-फानन में अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस पूरे मामले को आपसी विवाद में फायरिंग मान रही है।हॉस्पिटल पहुंच कर पुलिस ने घायलों का बयान दर्ज किया है।
एएसपी अम्बरीष राहुल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गोलीबारी की इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस घटना में शामिल लोगों की अपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
बाढ़ थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि गाड़ी के भाड़े के विवाद को लेकर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। तीन लोगों को गोली लगी है। गिरफ्तार किए गए नौ लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है।

You may have missed