मुजफ्फरपुर में वैलेंटाइन डे पर बजरंग दल ने मचाया उत्पात, रेस्टोरेंट में घुसकर प्रेमी जोड़ों को पीटा

मुजफ्फरपुर। देशभर में वैलेंटाइन पर जहां प्यार परवान चढ़ रहा था। वैलेंटाइन डे के बहाने प्रेमी जोड़े एक दूसरे के साथ मौज-मस्ती कर रहे थे, लेकिन यह सब बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में कुछ लोगों को नागवार गुजर रहा था। लिहाजा एक रेस्टोरेंट में बैठकर खाना खा रहे कुछ युवक-युवतियों को घेरकर उनके साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। दरअसल, यह पूरी घटना मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा में संचालित एक एक होटल की है। होटल के मैनेजर ने बताया कि फूडकोर्ट में कुछ लोग बैठे हुए थे, तभी बाहर से आए कुछ लोगों ने ग्राहकों को पहले डिस्टर्ब किया और फिर मारपीट भी की।

होटल के मैनेजर ने दावा किया है कि बाहर से होटल में घुसे लोग बजरंग दल के थे। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। बताया जा रहा हैं की अचानक करीब आठ से दस की संख्या में लोग अंदर घुसते हैं। फिर टेबल के दोनों तरफ बैठे लोगों को घेर लेते हैं। इनमें अधिकांश प्रेमी जोड़े ही लग रहे हैं। इन्हें वे बाहर जाने को कहते हैं। इसी क्रम में हाथापाई और मारपीट भी करते हैं। वही घटना के बाद पुलिस आरोपी कुछ लोगों को पकड़कर थाने ले गई है। उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, मौके से कुछ लोग फरार हो गए हैं। बता दें कि वैलेंटाइन डे को लेकर जहां फरवरी महीने की शुरुआत से ही प्रेमी जोड़े प्लानिंग में जुट जाते हैं। इसे खास बनाने की हर जद्दोजहद करते हैं, वहीं कई सामाजिक संगठन इसका देशभर में विरोध करते हैं।

You may have missed