PATNA : दानापुर में शुरू हुआ प्रवासी साइबेरियन पक्षियों का आगमन, अगले 7 दिनों में और बढ़ेगी संख्या

पटना। मानसून के आगाज के सूचक कहे जाने वाले प्रवासी पक्षी साइबेरियन क्रेन का दानापुर में आना शुरू हो चुका है। इन पक्षियों के आने से लोगों के बीच अच्छी बारिश होने की उम्मीद बढ़ गई है। ये पक्षी मानसून आने से पहले यहां आ जाते हैं। इसके बाद बारिश और ठंड के मौसम के समाप्त होने पर यहां से चले जाते हैं। साइबेरियन क्रेन के छावनी क्षेत्र में पहुंचने के साथ ही यह क्षेत्र पक्षी विहार में तब्दील हो गया है। पिछले 6-7 दिनों से पक्षियों का आना शुरू हो गया है। मानों उन्हें भी यह सूचना मिल गई है कि मानसून राजधानी और आसपास के इलाकों में पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बरसात में जब साइबेरियन क्रेन आसमान में शोर करते हुए उड़ते हैं तो पूरी फिजां ही बदल जाती है। झारखंड व बिहार सब एरिया मुख्यालय परिसर के वृक्षों पर साइबेरियन क्रेन घोंसले बनाने में जुट गए हैं। जानकारों की मानें तो प्रत्येक साल मई माह के अंत में प्रवासी पक्षी साइबेरियन क्रेन छावनी क्षेत्र में पहुंच जाते हैं। इस बार भीषण गर्मी में जून के प्रथम सप्ताह के बाद सब एरिया मुख्यालय परिसर के दो-तीन पेड़ों पर घोंसला बना रहे हैं। सफेद व काले रंग के प्रवासी पक्षी साइबेरियन क्रेन देखने में काफी खूबसूरत होते हैं। इनका वजन दो से तीन किलो तक होता है। इनका भोजन मुख्यत छोटी-छोटी मछलियां व पानी में रहने वाले कीड़े-मकोड़े होते हैं। साइबेरियन क्रेन मानसून में प्रत्येक वर्ष यहां आते हैं। प्रवास के दौरान यहां अंडे देते हैं और बच्चों का लालन-पालन के साथ ही उड़ने के लिए उन्हें ट्रेंड करते हैं। पक्षी विशेषज्ञों का मानना है कि इन्हें ओपन बिल स्टॉर्क के नाम से जाना जाता है। सब एरिया क्षेत्र के वृक्षों पर अपने आपको सुरक्षित महससू करते हैं। इन पक्षियों के आगमन से जहां पूरा दानापुर छावनी क्षेत्र गुलजार हो गया है।

You may have missed