लालू परिवार में सबकुछ ठीक : तेजस्वी के संबोधन के दौरान मंच से उठकर चले गए तेजप्रताप, सभी रह गए हतप्रभ
पटना। लालू परिवार में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। इसका नजारा शुक्रवार को राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान देखने को मिला। बैठक में जब तेजस्वी का भाषण चल रहा था, इसी बीच लालू के बड़े लाल तेजप्रताप यादव मंच से उठकर चले गए। तेजप्रताप का इस तरह अचानक मंच से उठकर जाना सबको हतप्रभ कर गया, साथ ही कई सवाल खड़ा दिया। बैठक में राजद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी, प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, मीसा भारती एवं भोला यादव समेत राजद के वर्तमान एवं पूर्व सांसद-विधायक, विधान पार्षद एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
पार्टी सूत्रों और जानकारों की मानें तो तेजप्रताप यादव कुछ मुद्दों को लेकर अपने छोटे भाई और प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव से अलग मत रखते हैं। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का मसला भी शामिल है। बता दें पिछले दिनों ही जब यह चर्चा जोरों पर थी कि तेजस्वी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाएगा, तब भी तेजप्रताप ने सबसे पहले इसका का खंडन किया था।
ऐसे में जानकारों का कहना है कि अब राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में तेजप्रताप का उस समय मंच छोड़ना जब उनके छोटे भाई तेजस्वी का संबोधन चल रहा था, इन संभावनाओं को मजबूती देता है कि राजद अध्यक्ष के दोनों बेटों के बीच सब कुछ ठीक नहीं है। विशेषकर पार्टी के संबंधित फैसलों में तेजप्रताप की सिमटती भागीदारी की ओर यह बड़ा संकेत है।


