खबरें फतुहा की : बिजली चोरी के आरोप में चार पर प्राथमिकी, मतगणना स्थल पर मुखिया समेत छह प्रतिनिधि ही रहेंगे उपस्थित
मतगणना स्थल पर मुखिया समेत छह प्रतिनिधि ही रहेंगे उपस्थित
फतुहा। पटना के फतुहा प्रखंड में 29 नवंबर को चुनाव होना है। 1 दिसंबर से खुसरुपुर के महादेव हाईस्कूल में दो दिवसीय मतगणना होनी है। प्रत्याशियों के प्रतिनिधि के लिए अभी से प्रखंड निर्वाचन कार्यालय द्वारा सीमा निर्धारित कर दी गई है। मतगणना स्थल पर मुखिया, सरपंच व पंचायत समिति के प्रत्याशी सिर्फ अपने पांच प्रतिनिधि के साथ ही उपस्थित रहेंगे। वहीं वार्ड सदस्य व पंच के प्रत्याशी सिर्फ अपने एक-एक प्रतिनिधि के साथ ही मतगणना स्थल पर उपस्थित रहेंगे। यदि वार्ड सदस्य व पंच के प्रत्याशी महिला हैं तो उनके दो प्रतिनिधि को मतगणना स्थल पर प्रवेश की अनुमति दिया गया है। इस बात की जानकारी प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी सह बीडीओ धर्मवीर कुमार ने दी है।

बिजली चोरी के आरोप में चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज
फतुहा। विद्युत विभाग ने बुधवार को पटना के फतुहा प्रखंड में बिजली चोरी के आरोप में चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है। यह प्राथमिकी विद्युत विभाग के कनीय अभियंता सोनू कुमार द्वारा करायी गयी है। विभाग ने को-आॅपरेटिव कॉलोनी निवासी दिलीप कुमार पर 54049 रुपये, शैलेंद्र सिंह पर 84790 रुपए व विरेन्द्र कुमार पर 83544 रुपए का राजस्व क्षति बताते हुए जुर्माना लगाया है। इन सभी पर मीटर वाइपास कर विद्युत चोरी करने का आरोप है। वहीं विभाग ने फोरलेन आरओबी के निकट रहने वाले धनंजय कुमार पर टोका फंसाकर बिजली चोरी करने का आरोप लगाया गया है। धनंजय कुमार पर विभाग ने 10,832 रुपए का जुर्माना लगाया है।

