BIHAR : सीवान में महिला ने पांच बच्चों को दिया एक साथ जन्म, सभी स्वस्थ्य
सीवान। बिहार के सीवान जिले के सदर अस्पताल में एक महिला ने पांच बच्चों को एक साथ जन्म दिया है। जन्म लेने वाले बच्चों में तीन पुत्रियां और दो पुत्र है। पांचों बच्चे फिरहाल डॉक्टरों की निगरानी में है। पांचों बच्चे स्वस्थ बताए जा रहे हैं। वहीं बच्चों को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई।
मिली जानकारी के अनुसार सिवान के सदर अस्पताल में गुरुवार को शहर की एक महिला को भर्ती कराया गया। जांच के दौरान पता चला कि महिला के गर्भ में पांच बच्चे हैं। डॉक्टरों ने बड़ी सावधानीपूर्वक सिजेरियन करने का निर्णय लिया। सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. रीता सिंहा ने बताया कि महिला शहर के इस्माइल तकिया निवासी मो. झुना की पत्नी फुलजहां खातून है। महिला की पहले से जांच में पता चल गया था कि उसके गर्भ में पांच बच्चे हैं, इसलिए महिला का सिजेरियन किया गया। उन्होंने बताया कि पांचों बच्चे स्वस्थ हैं। फिलहाल सभी बच्चों को एसएनसीयू में रखा गया है।


