October 25, 2026

पटना : शादी समारोह में जयमाला के दौरान वर पक्ष ने की हर्ष फायरिंग, दो बच्चे गोली लगने से घायल, हालत गंभीर

पटना। धनरूआ थाना क्षेत्र के वीर गांव में आयोजित शादी समारोह में जयमाला के दौरान हर्ष फायरिंग में दो बच्चे जख्मी हो गए। दोनों को गंभीर हालत में पटना के निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत गंभीर है।

घायलों की पहचान लड़की के चचेरे भाई 9 साल के यादी कुमार व गांव के अमरेंद्र कुमार के सात साल के बेटे प्रिंस कुमार के रूप में की गई है। महेंद्र राम की बेटी की शादी थी। बारात मसौढ़ी से आई थी। बारात में शामिल कुछ युवक डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे। साथ ही वे हवाई फायरिंग भी कर रहे थे। लड़की पक्ष के लोगों ने उन्हें रोकने की काफी कोशिश की लेकिन वे नहीं मानें। जयमाला के दौरान भी उन लोगों ने हवाई फायरिंग की।

इसमें पास के एक छज्जे पर बैठे प्रियांशु और यादी गोली लगने से घायल हो गए। प्रियांशु को पेट और यादी को सीने में गोली लगी है। घटना के बाद वहां भगदड़ मच गई और लोग यहां-वहां भागने लगे। इस संबंध में धनरुआ थानाध्यक्ष का कहना था कि घटना की सूचना मिली है। फिलहाल अभी किसी ने लिखित शिकायत नहीं की है। इसके बावजूद पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।

You may have missed