September 21, 2026

दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल कोरोना संक्रमित, कोविड टेस्ट रिपोर्ट आई पॉजिटिव

सेंट्रल डेस्क । दिल्ली में कोरोना का प्रकोप लगातार जारी है। अब उपराज्यपाल अनिल बैजल अब कोरोना वायरस के संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उपराज्यपाल ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। हालांकि, उनमें हल्के लक्षण हैं। उपराज्यपाल ने खुद ट्वीट कर यह जानकारी दी है।

बैजल ने ट्वीट कर बताया, हल्के लक्षणों के साथ आज मेरी कोविड टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। लक्षणों की शुरुआत के बाद से मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है और उन सभी से जो मेरे साथ संपर्क में थे उनके टेस्ट किए गए हैं। मैं अपने घर से ही काम करते हुए दिल्ली में हो रहे कामों की निगरानी करना जारी रखूंगा।

बता दें कि, उपराज्यपाल बैजल दिल्ली में कोविड-19 के खिलाफ जारी लड़ाई पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के टीकाकरण के लिए दिल्ली की तैयारियों पर मुख्य सचिव विजय देव से गुरुवार को रिपोर्ट मांगी है। दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (संशोधन) अधिनियम, 2021 के प्रभावी होने के बाद यह उनका पहला महत्वपूर्ण कदम है। इस अधिनियम के मुताबिक दिल्ली में सरकार का मतलब उपराज्यपाल से है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी की गई एक अधिसूचना के मुताबिक अधिनियम के प्रावधान 27 अप्रैल से प्रभावी हैं।

You may have missed