September 18, 2025

फतुहा : विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

फतुहा। बीते शुक्रवार को रुकुनपुर गांव में 26 वर्षीय विवाहिता स्वाती की हुई संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके ससुराली चार परिजनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। यह प्राथमिकी मृत विवाहिता की मां नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र के मोहिउदीनपुर गांव निवासी सुनीता देवी के बयान पर दर्ज की गई है। वादी सुनीता देवी ने उसके पति, सास, ससुर व देवर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उसकी हत्या किए जाने की बात कही है।
दर्ज शिकायत के अनुसार, विवाहिता की शादी पांच वर्ष पूर्व संतोष यादव के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही दिन के बाद से उसे पति व अन्य ससुराली परिजनों द्वारा बाइक व सोने की चेन के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। वादी सुनीता देवी ने ससुराली परिजनों पर मारपीट करते हुए गला घोंटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के अनुसार, इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

You may have missed