महिलाओं को 33% आरक्षण कब देगी सरकार, महिला कांग्रेस ने पटना में निकाला महिला अधिकार यात्रा

पटना। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर अपने बहुप्रतीक्षित लंबी मांग महिलाओं को पंचायत से विधान सभा एवं संसद तक 33 प्रतिशत आरक्षण, महिला सुरक्षा की गारंटी और उनके अधिकारों को लेकर बिहार प्रदेश महिला कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अमिता भूषण के नेतृत्व में एक विशाल महिला अधिकार यात्रा निकाली। जो गांधी मूर्ति, गांधी मैदान से बुद्धा पार्क लगभग तीन किलोमीटर तक निकली, जिसमें सैंकड़ों महिलाएं हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां और नारों के साथ चल रही थी। लाल रंग के परिधान में आई कांग्रेस के महिला सेल की महिलाओं ने बुद्धा पार्क में मांगें लिखी हुई सैकड़ों काले बैलून हवा में उड़ाई।
इस मौके पर श्रीमती भूषण ने बताया कि संसद 70 साल की हो गई पर महिलाओं को समानता का दर्जा कब प्राप्त होगा, आगे कितने साल और लगेंगे महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने में सरकार को यह बताना चाहिये। बेटी बचाओ के नारों का ढ़िढोरा पीटने वाली सरकार बेटी बचाने की जिम्मेदारी कब उठायेगी। उन्होंने बताया कि यह महिला अधिकार मार्च एक संदेश है सरकार के लिये। उन्हें हमारी मांगों को माननी ही होगी। यूपीए की सरकार में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी और डॉ. मनमोहन सिंह ने इस संबंध में विधेयक लाया था पर गठबंधन की गांठ ने इसे पारित नहीं होने दिया। इस सरकार को तो ऐसी कोई बाध्यता भी नहीं है। महिला दिवस के मौके पर हम सरकार से समानता के अधिकार की मांग करते हैं। मार्च में संयोगिता सिंह, डॉ. कुमारी अनिता, फरहत जवीन, शमां परवीण, संजू पांडे, रूबी शर्मा, रंजू कुमारी, कविता कुमारी, सविता शबनम सहित सैकड़ों महिलाएं मौजूद थी।
