बिहार को तीन नई ट्रेनों की सौगात, पटना-अहमदाबाद अमृत भारत सहित कई रूट पर मिलेगी राहत
- पटना-राजगीर एक्सप्रेस और सहरसा-जमालपुर मेमू ट्रेन को भी मिली मंजूरी
- यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे का निर्णय, जल्द शुरू होगा नियमित परिचालन
पटना। बिहार के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय रेल ने राज्य को तीन नई ट्रेनों की सौगात दी है, जिनमें पटना से अहमदाबाद के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस, पटना से राजगीर के बीच एक्सप्रेस ट्रेन और सहरसा से जमालपुर के बीच मेमू यात्री ट्रेन शामिल हैं। भारतीय रेल के रेलवे बोर्ड से इन ट्रेनों के परिचालन को मंजूरी मिल गई है। हालांकि इनके नियमित संचालन की तिथि अभी घोषित नहीं की गई है। रेलवे की ओर से इन ट्रेनों के मार्ग और समय सारिणी की जानकारी साझा कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, इन मार्गों पर पहले से विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा था, जिसमें यात्रियों की भारी भीड़ और राजस्व को देखते हुए इन्हें नियमित ट्रेन के रूप में चलाने का फैसला लिया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इन ट्रेनों के नियमित परिचालन की तिथि भी घोषित कर दी जाएगी। नई ट्रेनों के शुरू होने से बिहार के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। राज्य की बड़ी आबादी रोजगार और अन्य कारणों से देश के विभिन्न हिस्सों में रहती है। ऐसे में त्योहारों और विशेष अवसरों पर घर आने-जाने में उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ट्रेनों की संख्या कम होने के कारण अक्सर यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा सूची और भीड़भाड़ का सामना करना पड़ता है। नई ट्रेनों से इस समस्या में कमी आने की उम्मीद है। रेलवे द्वारा जारी समय सारिणी के अनुसार, 21905 अहमदाबाद-पटना अमृत भारत एक्सप्रेस बुधवार शाम 6:30 बजे अहमदाबाद से प्रस्थान करेगी और गुरुवार रात 12:30 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में 21906 पटना-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस शुक्रवार रात 10:30 बजे पटना से खुलेगी और रविवार सुबह 5:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। इसी तरह 13354 पटना-राजगीर एक्सप्रेस सुबह 9:20 बजे पटना से प्रस्थान कर दोपहर 12:45 बजे राजगीर पहुंचेगी। वापसी में 13353 राजगीर-पटना एक्सप्रेस शाम 3:10 बजे राजगीर से चलकर शाम 6:45 बजे पटना पहुंचेगी। वहीं 63398 सहरसा-जमालपुर मेमू ट्रेन सुबह 5:15 बजे सहरसा से रवाना होकर सुबह 8:05 बजे जमालपुर पहुंचेगी। वापसी में 63397 जमालपुर-सहरसा मेमू रात 9:45 बजे जमालपुर से चलकर रात 1 बजे सहरसा पहुंचेगी। इसके अलावा पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल से एक और नई नियमित ट्रेन का संचालन किया जाएगा। 13379 धनबाद-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस सोमवार रात 11 बजे धनबाद से चलेगी और बुधवार दोपहर 1:40 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन बुधवार शाम 4:55 बजे लोकमान्य तिलक से रवाना होकर शुक्रवार सुबह 8 बजे धनबाद पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में बिहार को कई नई ट्रेनों की सौगात मिली है। इसके साथ ही वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों का भी संचालन शुरू किया गया है। इसके अलावा अमृत भारत योजना के तहत राज्य के कई रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण और पुनर्निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। वहीं हवाई सेवाओं के क्षेत्र में भी पटना को राहत मिलने जा रही है। जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से चार वर्षों के बाद देर रात विमान सेवाएं फिर से शुरू होने जा रही हैं। 29 मार्च से इंडिगो की उड़ान पुणे से रात दो बजे पटना पहुंचेगी और रात 2:55 बजे वापस पुणे के लिए रवाना होगी। इसके साथ ही विभिन्न विमानन कंपनियों ने 29 मार्च से 24 अक्टूबर तक के लिए ग्रीष्मकालीन समय सारिणी जारी की है, जिसमें पटना से कुल 44 उड़ानों का संचालन प्रस्तावित है। इन सभी नई रेल और हवाई सेवाओं से बिहार के लोगों को यात्रा के बेहतर विकल्प मिलेंगे और आवागमन में काफी सुविधा होने की उम्मीद है।


