दरभंगा में शादी का झांसा देकर युवती से शोषण, मारपीट के बाद बच्ची छीनकर फरार
- तीन साल तक बहला-फुसलाकर रखा, गंभीर रूप से घायल युवती अस्पताल में जीवन-मृत्यु से जूझ रही
- परिजनों ने थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी, पुलिस ने गिरफ्तारी और बच्ची की बरामदगी के लिए छापेमारी शुरू की
दरभंगा। जिले में शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ शारीरिक और मानसिक शोषण करने, मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने और दो साल की बच्ची को जबरन ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़िता के भाई ने बहेड़ा थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के परिजनों के अनुसार, वर्ष 2023 में हांसी गांव निवासी अभिषेक राय नामक युवक ने सामाजिक माध्यम के जरिए युवती से दोस्ती की थी। धीरे-धीरे उसने युवती को अपने झांसे में लिया और नौकरी का लालच देकर मुंबई ले गया। वहां उसने शादी का भरोसा दिलाकर युवती को अपने साथ रखा और उसके साथ संबंध बनाए। इस दौरान युवती ने एक बच्ची को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि मुंबई में रहते हुए आरोपी युवती के साथ लगातार मारपीट करता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इस बात की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता के भाई ने 10 फरवरी 2026 को अपनी बहन को मुंबई से वापस गांव ले आया। घटना के अनुसार, 25 फरवरी को जब परिवार के अन्य सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे, उसी दौरान आरोपी अभिषेक राय अपने पिता नवीन राय और चार अज्ञात लोगों के साथ पीड़िता के घर पहुंचा। वहां उसने युवती पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि लोहे की छड़ से उसके सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे पीड़िता के दूसरे भाई के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। इसके बाद आरोपी दो साल की बच्ची को अपने साथ लेकर फरार हो गया। परिजनों का कहना है कि जाते समय आरोपी ने बच्ची को बेच देने की धमकी भी दी। पीड़िता की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है और वह अभी कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। परिजनों ने बताया कि पहले उन्होंने अपने स्तर पर मामले को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन जब कोई समाधान नहीं निकला तो 21 मार्च को थाना में आवेदन देकर न्याय की मांग की। पीड़िता के भाई का आरोप है कि आरोपी लगातार फोन कर धमकी दे रहा है। वह दावा करता है कि उसने पहले भी कई लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। यहां तक कि वह कई थानों को अपने प्रभाव में होने की बात कहकर परिवार को डराने की कोशिश कर रहा है। पीड़िता की मां ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी उनकी बेटी को शादी और नौकरी का झांसा देकर मुंबई ले गया था, लेकिन न तो नौकरी दिलाई और न ही शादी की। तीन वर्षों तक उसने उनकी बेटी का शारीरिक और मानसिक शोषण किया। सामाजिक बदनामी के डर से उनकी बेटी उसके साथ रहने को मजबूर रही। मां के अनुसार, हाल ही में आरोपी ने घर आकर उनकी बेटी के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और अब जीवन-मृत्यु के बीच संघर्ष कर रही है। आरोपी जाते समय युवती का मोबाइल फोन भी छीनकर ले गया, जिसमें कई महत्वपूर्ण सबूत मौजूद थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी फोन कर पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी दे रहा है। यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वह अपनी बेटी के साथ थाना पहुंचकर आत्महत्या करने को मजबूर होंगी। इस मामले में बहेड़ा थाना अध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी और बच्ची की सुरक्षित बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और स्थानीय लोग भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।


