नवादा में बांग्लादेशी घुसपैठिया गिरफ्तार, नाबालिक से की इंस्टाग्राम से दोस्ती, भगाकर ले गया था असम
नवादा। जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर अपहरण करने के आरोप में एक बांग्लादेशी घुसपैठिए को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जहीरुल इस्लाम के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने नवादा के 3 नंबर बस स्टैंड से धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई की पुष्टि कौआकोल थाना प्रभारी उमाशंकर सिंह ने की। पुलिस के अनुसार, यह मामला कौआकोल थाना क्षेत्र के पाली गांव से जुड़ा है। गांव की 14 वर्षीय नाबालिग लड़की इंस्टाग्राम के माध्यम से जहीरुल इस्लाम के संपर्क में आई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और आरोपी ने नाबालिग को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। आरोप है कि जहीरुल इस्लाम ने भरोसा जीतने के बाद लड़की को नवादा बुलाया और फिर उसे लेकर फरार हो गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी जहीरुल इस्लाम बांग्लादेश के हारमुज अली का बेटा बताया जाता है और वह अवैध रूप से भारत में रह रहा था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी का नाम असम के सीमावर्ती इलाके के थाने में बांग्लादेशी घुसपैठियों की सूची में भी दर्ज था। फरारी के बाद आरोपी नाबालिग को लेकर नगांव जिला के कछुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत खेरनी मजगांव पहुंच गया, जहां भारत–बांग्लादेश सीमा के पास झुग्गी-झोपड़ीनुमा घर में दोनों रहने लगे। इधर, नाबालिग के अचानक गायब होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने 18 फरवरी 2025 को कौआकोल थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया। प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। हालांकि, आरोपी लगातार ठिकाने बदलता रहा, जिससे तलाश लंबी खिंच गई। लगभग आठ महीने की कड़ी मेहनत और तकनीकी जांच के बाद पुलिस को 15 अक्टूबर 2025 को बड़ी सफलता मिली। कौआकोल पुलिस की टीम ने असम के नगांव जिले के कछुआ थाना क्षेत्र स्थित खेरनी मजगांव में छापेमारी कर नाबालिग लड़की को बरामद कर लिया। बरामदगी भारत–बांग्लादेश सीमा के बेहद नजदीक एक झुग्गी से की गई, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया। बरामदगी के बाद नाबालिग का बयान न्यायालय में दर्ज कराया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद लड़की को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और निरंतर प्रयासों के लिए आभार जताया। लड़की की बरामदगी के बाद से ही पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आखिरकार पुलिस ने जहीरुल इस्लाम को नवादा के 3 नंबर बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे और कहीं इस तरह के अन्य मामलों में भी उसकी संलिप्तता तो नहीं रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला सोशल मीडिया के दुरुपयोग और सीमावर्ती इलाकों में अवैध घुसपैठ की गंभीरता को दर्शाता है। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर सतर्क नजर रखें और किसी भी संदिग्ध संपर्क की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही, सीमावर्ती जिलों में अवैध घुसपैठ के खिलाफ अभियान और तेज किए जाने की बात भी कही गई है।


