February 12, 2026

पटना में भीषण गर्मी ने तोड़ा 12 सालों का रिकॉर्ड, लू चलने से घरों में कैद हुए लोग

पटना। राजधानी समेत प्रदेश में पछुआ हवा के कारण गर्मी का सितम जारी है। सूरज ने आंखें क्या तरेरी, गुरुवार को पटना में गर्मी का 12 साल का रिकॉर्ड टूट गया। पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, 13 अप्रैल 2011 को पटना का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक तापमान होने के कारण दोपहर में राजधानी की सड़कों पर चलना मुश्किल रहा। सड़कों पर सन्नाटा रहा। प्रदेश में उत्तर पछुआ हवा का प्रवाह बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, एक चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र उत्तरी बांग्लादेश और इसके आसपास बना है। इनके प्रभाव से पूरे बिहार में मौसम अगले पांच दिनों तक शुष्क रहने के कारण अधिकतम तापमान में सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के आसार है।
प्रदेश के कुछ भागों में तीन से चार दिनों तक चलेगी लू, हीट वेव को लेकर चेतावनी
बीते 24 घंटों के दौरान पटना समेत 24 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। बिहार के कुछ भागों में अगले तीन से चार दिनों तक लू की स्थिति रह सकती है। मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को यह पूर्वानुमान जारी किया। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने 15 अप्रैल से प्रदेश में हीट वेव की चेतावनी जारी की है। येलो अलर्ट जारी करते हुए प्रदेश में गर्मी का कहर और बढ़ने की बात कही है। शनिवार को बांका, जमुई और आसपास इलाके में हीट वेव (लू) की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही, 16 अप्रैल को राज्य के उत्तर पूर्व, दक्षिण मध्य और दक्षिण पूर्व भाग में एक दो स्थानों पर हीट वेव यानी उष्ण लहर का असर रहने का पूर्वानुमान किया गया है। पटना सहित राज्य के दक्षिण भाग में 17 अप्रैल से लू की चेतावनी जारी की गई है। शुक्रवार को राज्य के अधिकतर शहरों का अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच बने रहने का अनुमान है।

You may have missed