बौद्ध धर्म गुरु दलाईलामा के बोधगया आगमन की तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन, शहर में सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम

गया। बौद्ध धर्म गुरु दलाईलामा 22 दिसंबर को बोधगया पहुंच रहे हैं। उनके आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयारी में जुटा हुआ है। 20 जनवरी तक दलाई लामा का गया में प्रवास होगा। इस दौरान कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कालचक्र मैदान में बौद्ध धर्मगुरु की तीन दिवसीय टीचिंग भी तय है। 29, 30 व 31 दिसंबर को कालचक्र मैदान में दलाई लामा बौद्ध लामा, भिक्षुणी व विभिन्न देशों के बौद्ध श्रद्धालुओं को प्रवचन देंगे। इसके बाद एक जनवरी को दलाई लामा के दीर्घायु होने के लिए विशेष प्रार्थना का आयोजन भी कालचक्र मैदान में ही किया जायेगा।
दलाई लामा की थ्री लेयर सिक्योरिटी
दलाई लामा की सुरक्षा व्यवस्था थ्री लेयर सिक्योरिटी में होती है। जिसको लेकर विशेष इंतजाम किया जा रहा है। गया प्रवास के दौरान बौद्ध श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो जाती है और लोग इनका प्रवचन सुनते हैं। उनके आगमन को लेकर बोधगया में ट्रैफिक व्यवस्था भी दुरुस्त की जा रही है और बोधगया की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। महाबोधि मंदिर की ओर जाने वाले बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। जिला प्रशासन के द्वारा 8 जगहों पर बोधगया में बैरियर लगाए जा रहे हैं, जबकि 4 जगहों पर पार्किंग स्थल बनाये गए हैं।
