February 20, 2026

BIHAR : नालंदा के कतरीसराय में बगीचे में बैठकर ठगी करने वाले 6 साइबर ठग गिरफ्तार, ऐसे देते थे प्रलोभन

नालंदा। बिहार के नालंदा जिले के कतरीसराय थाना पुलिस ने शुक्रवार को गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए 6 साइबर ठगों को दबोचा है। सभी साइबर ठग कतरीसराय थाना क्षेत्र के कतरडीह और कमल बीघा गांव से पकड़े गए हैं।
ग्रुप बनाकर काम कर रहे थे
कतरीसराय थाना में प्रेस वार्ता के दौरान राजगीर डीएसपी प्रदीप पाल ने बताया कि साइबर ठग एक ग्रुप बनाकर काम कर रहे थे, जिसकी गुप्त सूचना एसपी मिली, जिनके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजगीर के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम में गिरियक सर्किल इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, कतरीसराय थानाध्यक्ष शरद कुमार रंजन, गिरियक थानाध्यक्ष संजीव कुमार, सिलाव थानाध्यक्ष पवन कुमार सहित अन्य सशस्त्र बल शामिल थे। उसके बाद कतरीसराय पुलिस ने थाना क्षेत्र के कतरडीह एवं कमल बीघा गांव में छापेमारी कर बगीचे और घर से कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार की है।
लोन या अन्य आफर दिलाने का देते थे प्रलोभन
डीएसपी ने बताया कि यह सभी लोग एजेंसी से गाड़ी दिलाने के नाम पर कृषि लोन या अन्य आफर दिलाने का प्रलोभन देकर आम नागरिकों से ठगी कर रहे थे। इनके पास से एक अटेंडेंस रजिस्टर भी बरामद हुआ है। इस मामले में छह के अलावा 30 अन्य लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
ये हुए गिरफ्तार
कतरीसराय थाना क्षेत्र के कतरडीह गांव निवासी स्व. रोहन सिंह का पुत्र संजय कुमार सिंह, सुरेंद्र सिंह का पुत्र सुमंत कुमार, उमेश सिंह का पुत्र संजीत कुमार, सीताराम सिंह का पुत्र अंकू कुमार एवं पिंटू कुमार एवं कमल बीघा गांव निवासी दिनेश शर्मा का पुत्र शुभम कुमार को गिरफ्तार किया गया है।।
ये सामान हुआ बरामद
इनके साइबर ठगों से तीन पीस स्क्रीन टच एवं तीन पीस बटन युक्त मोबाइल फोन फर्जी सिम सहित, तीन पीस नाम व मोबाइल नंबर अंकित किया हुआ रजिस्टर,126 पीस ग्राहकों के नाम पता लिखा हुआ आर्डर शीट, एक पंजाब नेशनल बैंक का चेक बुक, ओरिएंटल बैंक का एक पीस एटीएम कार्ड, पीएनबी का एक पीस एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, एक आधार कार्ड, नगद 8000 रूपये बरामद किया गया है।

You may have missed