रोहतास में मामूली विवाद पर 2 पक्षों में जमकर हुई मारपीट, 1 की गई जान, 2 की हालत गंभीर
बिहार। रोहतास के दिनारा थाना क्षेत्र के ईश्वरपुरा गांव में मंगलवार को दो पक्षों में हुई मारपीट में एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। इसमें गंभीर रूप से घायल एक युवक की मंगलवार देर रात मौत हो गई। बताते हैं कि बच्चों की लड़ाई में दो पक्ष भिड़ गए। इसमें तपन सिंह, मोहन सिंह और उनके बेटा संजय सिंह घायल हो गए। सभी घायलों को दिनारा पीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए तपन सिंह को बनारस रेफर कर दिया। बनारस ले जाने के क्रम में कोचस में ही तपन सिंह ने दम तोड़ दिया।

वही मोहन सिंह को सासाराम में इलाज चल रहा है। जबकि संजय सिंह का इलाज दिनारा में कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। दिनारा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि बच्चों में खेल-खेल में झगड़ा हुआ, जिसमें बड़े भी आ गए। बात बढ़ने पर एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष की लाठी-डंडे से पिटाई की गई। इसमें एक घायल तपन सिंह की मौत बनारस ले जाने के क्रम में हो गई। मामले में पांच लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई, लेकिन सभी फरार चल रहे हैं।

