February 20, 2026

BIHAR : स्मार्ट मीटर को डिजिटल मोड में रिचार्ज करने पर मिलेगी 3 फीसदी की छूट

पटना। स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने पर अब तीन फीसदी की मिलने वाली छूट में बिजली कंपनी ने आंशिक बदलाव किया है। स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने पर अब दो फीसदी छूट ही मिलेगी। एक फीसदी अतिरिक्त छूट तभी मिलेगी जब उपभोक्ता आॅनलाइन रिचार्ज कराएंगे। रिचार्ज कूपन लेने पर उपभोक्ताओं को मिलने वाली एक फीसदी की अतिरिक्त छूट नहीं मिलेगी। आॅनलाइन भुगतान को बढ़ावा देने के लिए कंपनी ने यह निर्णय लिया है। कंपनी की ओर से इस बाबत बिहार विद्युत विनियामक आयोग को एक प्रस्ताव भेजा गया है। आयोग की अनुमति मिलने पर कंपनी का यह प्रस्ताव एक अप्रैल, 2022 से अमल में आ जायेगा।
स्मार्ट मीटर लगाने पर 2 फीसदी की छूट
बिजली कंपनी ने कहा है कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने वाले हरेक उपभोक्ता को दो फीसदी की छूट मिलेगी। एक महीने के रिचार्ज के बाद जैसे ही उपभोक्ता दूसरे महीने अपना मीटर रिचार्ज कराएंगे तो उन्हें दो फीसदी की अतिरिक्त राशि उनके खाते में जुड़ जाएगी। वहीं एक फीसदी की अतिरिक्त छूट उन उपभोक्ताओं को मिलेगी जो आॅनलाइन या डिजिटल मोड में अपना मीटर रिचार्ज कराएंगे। अगर कोई उपभोक्ता अपने प्रीपेड बिजली मीटर के लिए रिचार्ज कूपन खरीदेंगे तो उन्हें इस छूट का लाभ नहीं मिलेगा। तीन फीसदी की छूट पाने के लिए यह जरूरी होगा कि उपभोक्ता डिजिटल मोड में ही अपने बिजली मीटर को रिचार्ज कराएं।
एडवांस पेमेंट पर चार फीसदी ब्याज का निर्णय
बिजली कंपनी ने अग्रिम भुगतान के मद में उपभोक्ताओं को ब्याज देने का भी निर्णय लिया है। विनियामक आयोग की ओर से सौंपे गए प्रस्ताव के अनुसार अगर कोई उपभोक्ता अपने भविष्य के बिजली बिल भुगतान के मद में एडवांस पेमेंट करेंगे तो उन्हें चार फीसदी ब्याज का लाभ मिलेगा। लेकिन एडवांस पेमेंट की राशि कम से कम दो हजार होनी चाहिए। लोगों को आकर्षित करने के लिए कंपनी ने चार फीसदी ब्याज देने का निर्णय लिया है, जबकि देश की नामी-गिरामी व्यवसायिक बैंकों में भी बचत खाता पर चार फीसदी ब्याज नहीं मिल रहा है। इस तरह उपभोक्ता चाहें तो वे दो हजार या इससे अधिक एडवांस पेमेंट देकर बिजली कंपनी से बैंकों की तुलना में अधिक ब्याज प्राप्त कर सकते हैं।

You may have missed