PATNA : राजीव नगर में हुई 17 राउंड फायरिंग, भू माफिया पर रंगदारी के लिए गोलीबारी की आशंका
पटना। राजधानी के राजीव नगर थाना के तहत नेपाली नगर में ताबड़तोड़ 17 राउंड गोली चली है। लगातार गोलीबारी कर पूरे इलाके में दहशत फैलाई गई है। वहां के लोगों में डर का माहौल बनाने की कोशिश की गई है। मामला मंगलवार की देर रात का है। गोलीबारी की इस वारदात में आरोप हाल ही में जेल से छुटकर आए भू माफिया सुनील सिंह और उनके भाई पर लगा है। आरोप है कि नेपाली नगर के कंचनपुरी में कुछ प्लॉट पर घर बनाए जा रहे हैं। उन सभी के मालिक से प्रति कट्ठा 4 लाख रुपए की डिमांड की गई है। प्लॉट पर सुनील सिंह और उनके लोग अपना दावा ठोक रहे हैं। जमीन के जिस प्लॉट पर भू माफिया सुनील सिंह ने अपना दावा ठोका है, उस प्लॉट पर 5-6 घर बन रहे हैं। इसमें सभी तो नहीं, लेकिन सोहन सिंह नाम का एक शख्स जरूर सामने आया। उसने बताया कि मंगलवार की दोपहर सुनील सिंह करीब 20 साथियों के साथ प्लॉट पर पहुंचे थे। वहां चल रहे काम को रोक दिया। मजदूरों को हटा दिया। पहले तो उसने जमीन का पूरा रुपया मांगा। फिर बाद में प्रति कट्ठा 4 लाख की डिमांड करते हुए वह रंगदारी मांग रहा है।

राजीव नगर में जमीन के विवाद में पहले भी गोलीबारी होती रही है। इस चक्कर में कई लोगों की हत्याएं भी हो चुकी है। पहले भी गोली चलने पर पुलिस इनकार करती रही है और बाद में उसी वारदात की FIR दर्ज करती रही है। ताजा मामले में भी यही हाल है। बुधवार को थानेदार सुमन ने गोलीबारी की वारदात से साफ इनकार किया। साथ ही यह भी बताया कि अब तक कोई रिटेन कंप्लेन नहीं मिली है और न ही किसी ने मौखिक कंप्लेन किया है। हालांकि, अब सूचना मिल रही है तो इसकी पड़ताल भी की जाएगी।

