September 16, 2025

सीएए, एनपीआर और एनआरसी के विरोध से दुनिया को वाकिफ कराते रहें : डॉ. हई 

एनआरसी ,सीएए और एनआरपी के खिलाफ बिहार की आवाज पूरे देश में जायेगी : प्रो. रतन लाल
फुलवारी शरीफ। प्रख्यात चिकित्सक सर्जन डॉ. एए हई ने हारून नगर में चल रहे एनआरसी, सीएए और एनपीआर के विरोध में धरना प्रदर्शन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में नागरिकता संशोधन कानून पास होने के बाद पूरे देश में इसका विरोध हो रहा है। उस आंदोलन के धार को कुंद नहीं होने देना है। लोगों ने सही समझा है कि नागरिकता कानून संविधान के खिलाफ है और सांप्रदायिक है। इसके साथ जब एनआरसी भी मिल जायेगा तो यह मुसलमान नागरिकों को ”घुसपैठिया” और बाकी नागरिकों को ”शरणार्थी” में तब्दील कर देगा। इस कानून का विरोध करने वाले छात्रों व अन्य नागरिकों को पीटा जा रहा है, उन पर गोलियां चलायी जा रही हैं। नागरिकता संशोधन कानून और देश भर में एनआरसी के खिलाफ जनता का आंदोलन भारत के संविधान, लोकतंत्र और एकता बचाने का आंदोलन है।
धरना को संबोधित करते हुए समाजसेवी सुरेश कुमार ने कहा कि इस देश के लोगो को अपने पूर्वजों की गलती का अहसास आज के भारत को देख कर हो रहा है। नेताजी सुभाषचंद्र बोष के मार्ग पर चलने के बजाए हिन्दू-मुस्लिम सहित अन्य मजहब के लोगों में फसाद का माहौल पैदा किया जा रहा है। महंगाई, भ्रष्टाचार, शिक्षा, बेरोजगारी के मुद्दे को दरकिनार करके असुरक्षा का माहौल पैदा किया जा रहा है। इसे एनआरसी, सीएए, एनपीआर के विरोध के साथ ही जोड़कर आन्दोलन करना होगा। नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने जय हिंद का नारा दिया था, जिसे आज पूरा देश सैल्यूट के समय दोहराता है। वैसे लोगों के विचारों को अपनाकर ही देश को बचाया जा सकता है।
दिल्ली विश्विधालय के इतिहास विभाग के प्रो. डा. रतन  लाल ने कहा कि केन्द्र सरकार के द्वारा लाया गया काला कानून सीएए , एनपीआर और एनआरसी के खिलाफ जिस तरह से गांधी जी ने बिहार की धरती से आजादी की लडाई का बिगुल फूंका था, ठीक उसी तरह यह लडाई बिहार से उठी है और यह अंदोलन सफल होगी। शुक्रवार को हारूण नगर में चल रहे धरने को संबोधित करते हुये प्रो. लाल ने कहा कि किसी हाल में यह कानून को नहीं मानेंगे। इस मौके पर एनआरपी, एनआरसी और सीएए विरोधी मोर्चा की कामायानी स्वामी ,मोना, जामिया दिल्ली की छात्रा शाजिया ने भी अपने अपने विचार रखें।
उधर इसापुर में पेट्रोल लाइन मैदान में धरना को संबोधित करने पहुंचे राजद विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने कहा कि भारत ही नहीं पूरी दुनिया भर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों से मोदी-शाह की जोड़ी दबाव में है। वे नागरिकता कानून और एनआरसी के बारे में झूठ बोल रहे हैं। वे विरोध प्रदर्शनों के बारे में भी झूठ फैला रहे हैं।

You may have missed