February 12, 2026

रेल मंत्रालय ने किया स्पष्ट : आईआरआईएमईई को जमालपुर से लखनऊ स्थानांतरित करने की रिपोर्ट आधारहीन

CENTRAL DESK : प्रेस इंफोर्मेशन ब्यूरो (भारत सरकार) ने प्रेस रिलीज जारी कर भारतीय रेलवे इंस्टीट्यूट फॉर मैकेनिकल एंड इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (आईआरआईएमईई) को मुंगेर के जमालपुर से लखनऊ स्थानांतरित करने की योजना के बारे में रिपोर्ट आधारहीन बताया है। बता दें आईआरआईएमईई को जमालपुर से लखनऊ स्थानांतरित करने के मामले पर बिहार में भारी बावेला मचा हुआ है। इसे लेकर सीएम नीतीश ने रेल मंत्री को पत्र भी लिखा था, जिस पर आज रेल मंत्रालय ने स्पष्टीकरण जारी किया है।
पीआईबी ने कहा है कि मीडिया में ऐसी खबरें आई हैं कि भारतीय रेलवे इंस्टीट्यूट फॉर मैकेनिकल एंड इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग को जमालपुर से लखनऊ स्थानांतरित करने की योजना बनाई जा रही है। रेल मंत्रालय स्पष्ट करता है कि उसकी जमालपुर से आईआरआईएमईई को लखनऊ स्थानांतरित करने की कोई योजना नहीं है। इस आशय का कोई भी दावा गलत और भ्रामक है और इसके लिए रेल मंत्रालय की मंजूरी नहीं है।


वास्तव में, रेल मंत्रालय ने आईआरआईएमईई की गतिविधियों को बढ़ाने की योजना बनाई है और वहां परिवहन प्रौद्योगिकी और प्रबंधन में शैक्षिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जमालपुर में एक वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के साथ शुरू होने वाले कई अतिरिक्त शैक्षिक कार्यक्रम आरंभ करने की योजना है, जिनके लिए पाठ्यक्रम विकास और डिजाइन का काम चल रहा है। भारतीय रेलवे को आईआरआईएमईई के इतिहास और विरासत पर बहुत गर्व है और इसके वर्तमान स्थान से स्थानांतरित होने का कोई सवाल ही नहीं है।
उन्होंने जानकारी दी कि भारत में विशेष रूप से रेलवे और सामान्य रूप से परिवहन क्षेत्र में बड़े विकास और परिवर्तन देखे जा रहे हैं। जमालपुर में आईआरआईएमईई जैसी एक अत्यंत विकसित प्रशिक्षण और शैक्षिक सुविधा न केवल भारतीय रेलवे कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी बल्कि बिहार और पड़ोसी क्षेत्रों के युवाओं को उच्च गुणवत्ता वाली व्यावसायिक शिक्षा और कौशल भी प्रदान करेगी और इस क्षेत्र में आर्थिक विकास में योगदान देगी।

You may have missed