राहत : केंद्र ने एक बार फिर ड्राइविंग लाइसेंस समेत कई डाक्यूमेंट्स की वैलिडिटी को 31 मार्च तक बढ़ाया
CENTRAL DESK : कोरोना संक्रमण को देखते हुए केंद्र सरकार ने एक बार फिर वाहन चालकों को बड़ी राहत दी है। इस कदम से परिवहन संबंधी सेवाओं का इस्तेमाल करने वाली जनता को मदद मिलेगी। केंद्र सरकार ने ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस सर्टिफिकेट, आरसी समेत कई डाक्यूमेंट्स की वैलिडिटी को 31 मार्च, 2021 तक के लिए बढ़ाया है। इस बाबत सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा आदेश जारी कर दिया है।
मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि कोरोना लॉकडाउन की वजह से देश-दुनिया में कामकाज ठप पड़ गए थे। इसकी वजह से लोगों को अपने डाक्यूमेंट्स भी रिन्यू कराने में परेशानी आई। इसके कारण सरकार ने पहले भी वैलिडिटी को आगे बढ़ाया था। जिन डाक्यूमेंट्स की वैलिडिटी 31 मार्च, 2021 से पहले खत्म हो रही थी, अब उन्हें अगले साल 31 मार्च तक के लिए बढ़ाया जा रहा है। मंत्रालय ने जिन डाक्यूमेंट्स की वैलिडिटी को बढ़ाया है, उनमें ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ी की फिटनेस वैलिडिटी, रजिस्ट्रेशन आदि शामिल हैं।
बता दें सरकार ने कोरोना वायरस और लॉकडाउन की वजह से होने वाली लोगों को दिक्कतों से बचने के लिए कई बार गाड़ियों के डाक्यूमेंट्स से संबंधित वैलिडिटी को बढ़ा दिया था। पिछली बार अगस्त आखिरी में सरकार ने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, फिटनेस सर्टिफिकेट आदि की वैलिडिटी को 31 दिसंबर तक बढ़ाई थी। इससे पहले 30 जून, 30 सितंबर और 31 दिसंबर तक डाक्यूमेंट्स की वैलिडिटी को बढ़ाया गया था।


