राजद उपाध्यक्ष ने सीएम नीतीश के कार्यशैली पर उठाएं सवाल, जानिए क्या कहा
पटना। राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि कोरोना महामारी जैसे समय में नीतीश कुमार पर से बिहार के लोगों का भरोसा टूट गया है। नीतीश कुमार ने बिहार की जनता का भरोसा तोड़ा है। रोज क्वारंटाइन सेंटर में मारपीट, भोजन नहीं मिलना ऐसी खबरें लगातार सामने आ रही हैं। ये कुव्यवस्था का नमूना है, जिससे अब लगता है कि भाजपा भी अब नीतीश कुमार के साथ चुनाव नहीं लड़ना चाहेगी।
बिहार में चुनाव के हालात को लेकर उन्होंने कहा कि जिस तरीके से उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने डिजिटल माध्यमों से चुनाव की बात कही है। उससे एक बात तो साफ है कि बीजेपी चुनावी चर्चा को अब जगह देना शुरू कर रही है। उन्होंने बिहार में कोरोना संकट को लेकर बने राजनीतिक हालात के मुद्दे पर कहा कि बिहार के लोग देश को चलाते हैं, बिहार की मेहनत के बदौलत ही कई राज्यों की तकदीर बदल गई है। बिहार में पलायन कोई नई बात नहीं है। ये तो बहुत पहले से होता रहा है। जो भी लोग बिहार के बाहर जहां वो रहते थे वहां से बिहार वापस आ रहे हैं, उनकी समुचित देखरेख की व्यवस्था यहां पर नहीं की गई। ऐसी स्थिति में सरकार परिस्थिति के अनुसार मजबूत तैयारी करने में पूरी तरह नाकाम रही है।


