मजदूरों एवं बिहार इंटक की समस्याओं को विधानसभा में प्रभावी ढंग से उठायेंगे: सदानन्द सिंह

पटना। बिहार इंटक के अंतर्गत फूड एंड एलायड वर्कर्स यूनियन का राज्य स्तरीय सम्मेलन रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के मुख्य सभागार में बिहार इंटक के अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता सदानन्द सिंह ने कहा कि कहलगांव के एनटीपीसी में आज इंटक का यूनियन बड़े प्रभावशाली ढंग से कार्य कर रहा है। श्री सिंह ने कहा कि बिहार में बिन्देश्वरी दूबे इंटक के बड़े नेता थे तथा वे अपनी योग्यता एवं क्षमता से बिहार के मुख्यमंत्री एवं बाद में केन्द्रीय श्रम मंत्री बने। उन्होंने कहा कि स्व. दूबे की इंटक की विरासत को बढ़ाते हुए चन्द्र प्रकाश सिंह का सशक्त नेतृत्व मिला और इनके नेतृत्व में बिहार इंटक ने राज्य के मजदूरों के विकास के लिये ईमानदारी से काम किया। आज राज्य में बिहार इंटक एक बहुत ताकतवर संस्था है। उन्होंने कहा कि वे मजदूरों एवं बिहार इंटक की समस्याओं को विधानसभा में प्रभावी ढंग से उठायेंगे।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में बिहार इंटक के अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश सिंह ने कहा कि पटना, कटिहार, गया एवं राज्य के अन्य नगर निगम के करीब बीस हजार सफाई मजदूर को 1 फरवरी से हटा दिया गया है। इसके खिलाफ इंटक धरना, प्रदर्शन एवं घेराव का कार्यक्रम चलायेगी। राज्य खाद्य निगम के विभिन्न गोदामों में कार्यरत लोडिंग-अनलोडिंग मजदूरों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में सदस्य बनाने का अभियान चलायें, साथ ही एक मई 2020 को आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस को पूर्ण सफल बनाने के लिये आज से ही जुट जाएं। श्री सिंह ने इन मजदूरों के भविष्य निधि, इएसआई, न्यूनतम मजदूरी तथा उसके बकाये आदि मांगों को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर समीक्षा बैठक करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की बैनर के तहत फूड एंड एलायड वर्कर्स यूनियन के द्वारा बोरा ढोने वाले मजदूरों की समस्या को प्रमुखता से उठायेगी।
प्रेमचन्द्र मिश्र ने कहा कि वे मजदूरों की समस्या को प्रभावी ढंग से विधान परिषद में उठायेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान केन्द्र सरकार के कार्यकाल में अंबानी एवं अडानी की संपत्ति हजारों गुणा बढ़ी है, जबकि किसान-मजदूर अभी भी तंगहाल है तथा विषम परिस्थिति से गुजर रहे हैं। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. समीर कुमार सिंह ने कहा कि इंटक प्रदेश कांग्रेस का एक बड़ा शक्तिशाली संगठन है तथा राज्य में मजदूरों की समस्या का समाधान चन्द्र प्रकाश सिंह के गतिशील नेतृत्व में ही संभव है।
सम्मेलन को प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष एचके वर्मा, पूर्व विधान पार्षद लाल बाबू लाल, प्रवक्ता राजेश राठौड़ के साथ-साथ प्रदेश इंटक के वरीय महामंत्री श्रीनन्दन मंडल, महामंत्री आलोक रंजन श्रीवास्तव, युवा इंटक अध्यक्ष आशुतोष कुमार, संगठन मंत्री अखिलेश पांडेय, फूड एंड एलाइड वर्कर्स यूनियन से सुरेन्द्र पासवान, विनोद कुमार, काशी लाल, श्याम प्रसाद इत्यादि ने भी संबोधित किया।
