भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को मानव श्रृंखला में भाग लेने का निर्देश
पटना। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने बीजेपी की सभी जिला से लेकर मंडल इकाइयों, मंच और मोर्चा के कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि 19 जनवरी को 11.30 से 12 बजे तक आयोजित मानव श्रृंखला में पूरी तत्परता से भाग लें और आयोजन को सफल बनाएं। नेताओं ने सभी व्यापारियों, दुकानदारों, ठेला, रिक्शा, टेंपो चालकों से भी अपील की है कि अपनी-अपनी दुकानों, टेंपो स्टैंड आदि के सामने खड़ा होकर मानव शृंखला का हिस्सा बनें और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करें। मोदी ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली, बाल विवाह निषेद्य और नशा मुक्ति के अभियान को लेकर आयोजित मानव शृंखला का मकसद अभियान से जन-जन को जोड़ना है। अगले तीन साल में जन-जीवन-हरियाली अभियान पर सरकार 24,500 करोड़ रुपये खर्च कर तालाब, पोखर, आहर, पईन आदि का जीर्णोद्धार करेगी। रिमोट सेंसिंग के जरिये अब तक एक लाख 43,293 तालाब और तीन लाख 13,230 कुएं की पहचान कर उनमें से अतिक्रमित 80 प्रतिशत का निरीक्षण कर मुक्त करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आठ करोड़ से अधिक पौधरोपण कर हरित आवरण में अभिवृद्धि, वर्षा जल का संचयन और भू-जलस्तर को रिचार्ज किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर हो रहे जलवायु परिवर्तन से मुकाबले के लिए बिहार की यह मुहिम देश में मिसाल बनेगी। इस बार पहले से अधिक संख्या में समाज के सभी वर्गों के लोग मानव शृंखला में शामिल होकर पिछले वर्षों के रिकार्ड को भी तोड़ेंगे।


