BJP का दर्द : उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा, सरकार के कामकाज और नीतियों पर भाजपा का छाप नहीं, लेकिन अब दिखेगा

file photo

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में ज्यादा सीटें लाकर भाजपा बड़े भाई की भूमिका में है लेकिन बिहार सरकार के कामकाज और नीतियों पर भाजपा का छाप नहीं दिख रहा है। अब भाजपा नेताओं को इस बात का अहसास होने लगा है। मंगलवार को भाजपा कोटे से उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद का इसे लेकर दर्द भी झलक आया। तारकिशोर ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित भाजपा महिला मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति के दूसरे और अंतिम दिन मंच से कहा कि यह सच है कि बिहार सरकार के कार्यक्रमों में हम नहीं दिख रहे। लेकिन अब बिहार सरकार के कार्यक्रमों, नीतियों और कामकाज पर भाजपा का असर नजर आएगा।
उपमुख्यमंत्री ने कार्यसमिति की बैठक में महिला कार्यकर्ताओं को बिहार सरकार के निगम-बोर्ड में सही जगह दिए जाने का भरोसा दिलाया। भाजपा के संस्थापक दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की चर्चा करते हुए तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि आने वाले दिनों में सरकार के काम पर इनके विचारों का असर दिखेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कोटे से सरकार में शामिल हर मंत्री की कलम से हुए काम पर भाजपा के कार्यक्रम, नीति और मूल्यों का प्रभाव नजर आएगा।
बता दें उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के इस बयान ने राजनीतिक गलियारे में चर्चा का विषय बना दिया है। इस बयान को लोग कई तरह से देख रहे हैं। कुछ ने तो यहां तक कहा है कि भाजपा-जदयू की सरकार बिहार में ज्यादा दिनों तक नहीं चलने वाली है। गौरतलब है कि संख्या बल के आधार पर भले ही भाजपा जदयू से बड़ी पार्टी है लेकिन सरकार में विभागों को मिले बजट को देखते हुए भाजपा अब भी जदयू से कहीं पीछे है। गृह विभाग से लेकर शिक्षा विभाग जैसे अहम और बड़े बजटवाले विभाग जदयू के पास हैं। इन स्थितियों में भाजपा के कार्यकर्ताओं के अंदर भी सरकार पर भाजपा का असर ना होने की चर्चा लगातार उठ रही है।

About Post Author

You may have missed