प्रेमिका के साथ अंतरजातीय विवाह करना पड़ा मंहगा, घर में घुसने से परिजनों ने रोका
फतुहा। रायपुरा के एक युवक को अपने प्रेमिका के साथ अंतरजातीय विवाह करना महंगा पड़ गया। हालांकि दोनो ने आपसी सहमति के आधार पर व्यवहार न्यायालय पटना सिटी में जनवरी माह में ही विवाह कर लिया था तथा परिजनों के डर से वह खुसरुपुर में किराए के मकान में रहने लगा था। लेकिन जैसे ही उसकी पत्नी गर्भवती हुई तो वह पत्नी के साथ अपने घर रायपुरा पहुंचा। परिजनों ने दोनों को देखते ही मारपीट कर भगा दिया तथा घर में घुसने नहीं दिया। आखिरकार दोनों थाने पहुंचे तथा घर में इंट्री दिलाने के लिए पुलिस से गुहार लगाई। युवक गोपाल कुमार एक साल पहले मकसुदपुर की एक दलित युवती चनिया कुमारी के साथ घर से फरार होकर दिल्ली चला गया था। जनवरी माह में वह दिल्ली से पटना वापस लौटा तथा व्यवहार न्यायालय पटना सिटी में उसके साथ शादी कर ली। पुलिस युवक के परिजनों को समझाने में लगी है। इधर नवदंपति थाने में घर जाने के लिए इंतजार में बैठे रहे।


