पूर्व मंत्री रामलखन महतो के असामयिक निधन से जदयू में शोक की लहर, राजद ने जताया शोक
पटना। प्रदेश जदयू के पूर्व उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रामलखन महतो का असामयिक निधन हो गया। उनके निधन से जदयू में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका पार्थिव शरीर पूर्वाहन 10 बजे पार्टी कार्यालय लाया गया। जहां पार्टी का झंडा चढ़ाकर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। पूर्व मंत्री स्व. रामलखन महतो के असामयिक निधन पर प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण ने उनके परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि उनके निधन से पार्टी की क्षति हुई है। श्री सिंह ने स्व. महतो की आत्मा की शांति हेतु भगवान से प्रार्थना किया तथा उनके परिजनों से ऐसी स्थिति में धैर्य व साहस से काम लेने का आग्रह किया। श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में पार्टी के पूर्व विधायक व पटना जिलाध्यक्ष अरूण मांझी, राज्य कार्यकारिणी के सदस्य विरेन्द्र सिंह कुशवाहा व नन्दकिशोर कुशवाहा, महादलित प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रूबेल रविदास, राजेश्वर सिंह, शिवशंकर निषाद, चन्द्रिका दांगी, मुन्ना चौधरी, हरेन्द्र कुमार, राहुल खंडेलवाल आदि शामिल हैं।
वहीं राजद ने पूर्व मंत्री रामलखन महतो के असामयिक निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, विधायक तेजप्रताप यादव, सांसद डॉ. मीसा भारती, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामचन्द्र पूर्वे, अब्दुलबारी सिद्दिकी, रमई राम, उदय नारायण चौधरी, उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, डॉ. तनवीर हसन, प्रधान महासचिव आलोक कुमार मेहता, प्रदेश प्रवक्ता चितरंजन गगन, कार्यालय सचिव चन्देश्वर प्रसाद सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा कि रामलखन महतो समस्तीपुर जिला के दलसिंहसराय विधान सभा क्षेत्र से 1995 में जनता दल के विधायक बने तथा 1996 में लालू प्रसाद के मंत्रिमंडल में खाद्य आपूर्ति मंत्री बने। वे गरीब-गुरबों की लड़ाई जीवनपर्यन्त सड़क से लेकर सदन तक लड़ते रहे। वे 74 वर्ष के थे। उनके असामयिक निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक जगत की अपूरनीय क्षति हुई है। दुख की इस घड़ी में मृत आत्मा की चिरशांति तथा परिजन एवं इष्टमित्र को दुख सहने की शक्ति देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।


