February 12, 2026

पतंजलि के CEO का दावा : बना ली है कोरोना की दवा, इतने दिनों में ठीक हो रहे संक्रमित मरीज

CENTRAL DESK : वैश्विक महामारी कोरोना से रोकथाम के लिए पूरी दुनिया दवा बनाने में जुटी हुई है। हालांकि अभी तक इसमें कोई सफलता नहीं मिली है। लेकिन इसी बीच पतंजलि के सीईओ ने एक बड़ा दावा किया है। आचार्य बालकृष्ण ने कहा है कि कोरोना की दवाई बना ली गई है और इस दवा से कोरोना संक्रमित मरीज 5 से 14 दिन में पूरी तरह से ठीक हो जा रहे हैं।
न्यूज एजेंसी से बात करते हुए आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि हमने पहले औषधियों का ट्रायल बीमारी से प्रिवेंशन के तौर पर किया। औषधियों को प्रिवेंशन के तौर पर इस्तेमाल करने वालों की संख्या लाखों में है। इसके बाद हमने क्लिनिकल केस स्टडी किया और कोरोना संक्रमित सैकड़ों मरीजों को हमने औषधि दी है। हमारा रिजल्ट सत प्रतिशत रहा। 70 से 80 प्रतिशत लोग तो 5-6 दिन में ठीक हो गए। मरीजों को पूरी तरह से ठीक होने में अलग-अलग टाइम लगा। कोई मरीज 5 दिन तो कोई 10 दिन में ठीक हुआ। हमने देखा कि सभी मरीज 14 दिन के भीतर पूरी तरह स्वस्थ हो गए और उनका कोरोना टेस्ट नेगेटिव रहा। उन्होंने कहा कि क्लिनिकल केस स्टडी के आधार पर हम कह सकते हैं कि कोरोना की चिकित्सा आयुर्वेद से शत प्रतिशत संभव है। आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि हम क्लिनिकल कंट्रोल्ड ट्रायल कर रहे हैं और आने वाले चार-पांच दिनों में यह पूरा हो जाएगा। इसके बाद पूरी प्रमाणिकता और डेटा के साथ हम दुनिया को बताने वाले हैं कि कोरोना का इलाज आयुर्वेद से पूरी तरह संभव है।

You may have missed