November 13, 2025

पटना जेल में रची गयी थी भाजपा नेता मनीष शुक्ला की हत्या की साजिश, पंजाब से बिहार के दो शार्प शूटर गिरफ्तार

CENTRAL DESK : पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता और पार्षद मनीष शुक्ला की हत्या की साजिश बिहार की राजधानी पटना के जेल में रची गयी थी। मनीष शुक्ला हत्याकांड में पंजाब से गुरुवार को दो शार्प शूटर को गिरफ्तार किया गया, गिरफ्तार दोनों शूटर बिहार का निवासी है। इन अपराधियों ने यह बड़ा खुलासा किया है। बता दें बीते 4 अक्टूबर को उत्तर 24 परगना के टीटागढ़ में हुई मनीष शुक्ला की हत्या गोली मारकर कर दी गई थी। इस हत्याकांड के बाद बंगाल की राजनीति गरमा गयी थी। भाजपा ने इसे राजनीतिक हत्या करार देते हुए ममता बनर्जी की सरकार पर हमला बोला था। वहीं हत्या मामले में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसे सीआइडी की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, सीआइडी की टीम ने गुरुवार को पंजाब से दो शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया। पकड़े गये आरोपियों के नाम सुजीत कुमार राय (26) एवं रोशन कुमार यादव उर्फ तात्या (20) हैं। इसमें सुजीत बिहार के समस्तीपुर जिले के मसूरी गौरी थाना क्षेत्र के बथुआ गांव का रहने वाला है, तो रौशन वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के साथिया गांव का निवासी है। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर शुक्रवार को लुधियाना से कोलकाता लाया गया।
सीआइडी के सूत्रों के अनुसार, दोनों ही शार्प शूटर हैं एवं मनीष शुक्ला पर गोली चलाने में ये दोनों सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं। इस मामले में उन्हें और चार शार्प शूटरों की तलाश है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की जांच में अब तक मोहम्मद खुर्रम खान, गुलाब शेख और सुबोध राय नामक तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। सुबोध के कब्जे से तीन अत्याधुनिक हथियार और बाइक जब्त की गयी है। पटना जेल में पूरे मामले के साजिश रचने वाले सुबोध कांत सिंह नामक एक अन्य आरोपी को कोलकाता लाने की तैयारी की जा रही है, जिससे बाकी अपराधियों तक जल्द पहुंचा जा सके।

You may have missed