देश के लिए शुभ रहेगा नववर्ष 2021, मंगल 7 तो सूर्य का 11 बार होगा राशि परिवर्तन, जानें आपकी राशि क्या कहती है

पटना। वर्ष 2020 की विदाई का समय नजदीक आ गया है। नए वर्ष 2021 के स्वागत की तैयारियां चरम पर है। नववर्ष को लेकर हर किसी के मन में ढेर सारी आशाएं और सपने हैं। नया साल कैसा रहेगा हम सब के लिए। साल के अंतिम दिन 31 दिसंबर (गुरुवार) की मध्यरात्रि में 12 बजते ही सन् 2021 का आगाज हो जाएगा। वर्ष 2020 काफी मुश्किलों और चुनौतियों से भरा वर्ष रहा। पूरी दुनिया साल 2020 के शुरू होते ही कोरोना महामारी से जूझती रही।
ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा ने कहा कि अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार नए साल के पहला दिन आधी रात के बाद तारीख बदलने से एक जनवरी 2021 को गुरु पुष्य के महायोग में नववर्ष का आरंभ हो रहा है। ऐसे में दिन बृहस्पतिवार तथा पुष्य नक्षत्र होने से अति शुभ गुरु पुष्य के योग बन रहे हैं। ऐसा महायोग बहुत वर्षों बाद आ रहा है। इसी दिन से आंग्ल नववर्ष भी आरंभ होगा। काफी सालों के बाद ही वर्ष के पहले दिन मध्यरात्रि में गुरुवार एवं सूर्योदय के बाद शुक्रवार तथा पुष्य नक्षत्र आ रहा है। 31 दिसंबर की शाम से 1 जनवरी की शाम तक गुरु पुष्य का योग रहेगा। इन दोनों दिन खरीदारी के लिए उत्तम रहेगा। वहीं नए साल के पहले दिन सूर्य बुध की युति से बुधादित्य योग भी बन रहा है। इस दिन भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी की विशेष कृपा रहेगी। यह दिन योग व्यापार में वृद्धि व लोगों को सुख-समृद्धि के साथ आर्थिक बल प्रदान करने वाला होगा।
देश के लिए शुभ होगा नया साल
ज्योतिषी राकेश झा ने बताया कि अंक ज्योतिष के संयोग तथा गुरु-पुष्य एक साथ होने से बना महायोग से भारत का आर्थिक पक्ष बहुत उज्जवल होगा तथा आध्यात्मिकता की दृष्टि से भारत में नवजागरण के नए-नए कार्यक्रम होंगे। भविष्य में भारत आध्यात्मिक, धार्मिक और आर्थिक क्षेत्र में विश्व को नई चेतना देगा। भारतवर्ष के तत्कालीन कुंडली के मुताबिक, कन्या लग्न में लग्नेश बुध चतुर्थ भाव में बुधादित्य योग बना रहा है, जो राष्ट्र की प्रगति के लिए बहुत शुभ संकेत है। चंद्रमा लाभ भाव में अपनी स्वराशि में बहुत शुभ है। नारी शक्ति का अभ्युदय होगा।
मंगल 7 तो सूर्य का 11 बार होगा राशि परिवर्तन
ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा ने ज्योतिषीय गणना के आधार पर बताया कि सूर्य से लेकर मंगल तक नए साल में अपना राशि परिवर्तन करेंगे। ग्रहों के चाल बदलने से व्यक्ति को कई बार शुभ तो कई बार अशुभ परिणामों की प्राप्ति होती है। राशि परिवर्तन जातकों के जीवन में तरक्की, नौकरी, धन प्राप्ति, सुख, संतान आदि का योग लेकर आता है। नए वर्ष 2021 में मंगल ग्रह 7 बार, गुरु 3 बार, सूर्य 11 बार, शुक्र 15 बार, बुध 19 बार और चंद्रमा हर सवा दो दिन में राशि परिवर्तन करेंगे।
मकर राशि में पूरे वर्ष विद्यमान रहेंगे शनि
ज्योतिषी झा ने कहा कि न्याय के देवता शनिदेव नए साल 2021 में कोई राशि परिवर्तन नहीं करेंगे। इसी राशि में रहकर शनि पूरे चराचर जगत को प्रभावित करेंगे। शनिदेव को कर्म का कारक भी माना जाता है, शनि जातक के कर्म के अनुसार फल प्रदान करते हैं।
राहु वृष तो केतु वृश्चिक में रहेंगे स्थित
छाया ग्रह राहु वृष में और केतु वृश्चिक राशि में पूरे वर्ष साल रहेंगे। 23 सितंबर 2020 को राहु वृष राशि में और केतु वृश्चिक राशि में आए थे। राहु-केतु के कारण पूरे विश्व में राजनीति चरम पर रहेगी और राजनीतिक उथल-पुथल चलती रहेगी। विश्व के कई राजनेताओं पर संकट छाया बना रहेगा।
नया साल 2021 में आपकी राशियों पर प्रभाव
मेष: नया साल धन और सम्मान संबंधी विशेष अवसर लेकर आ रहा है। मेहनत के चलते सितारा बुलंद होने के संकेत हैं। आलस्य और प्रमाद को त्याग कर कर्मठता से कार्य करेंगे तो पूरा वर्ष आपके लिए बहुत ही खुशियां लेकर आ रहा है।
वृष: नूतन वर्ष में नए-नए शुभ समाचार प्राप्त होने के योग हैं। धन वृद्धि एवं आय के नए स्रोत बनेंगे। अचानक धन लाभ के अवसर बनेंगे। घर-परिवार में मंगल कार्य होने के भी संकेत हैं। बड़ों का सम्मान करना आपके लिए फलदायी होगा।
मिथुन: संतान पक्ष की ओर से शुभ समाचार मिलेंगे। नए-नए संबंधों का लाभ मिलेगा। परिवार में शुभ कार्य होंगे क स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। शत्रु से सचेत रहना आपके लिए हितकर रहेगा।
कर्क: व्यवसाय अथवा नौकरी में दायित्व बढ़ेगा। भूमि, भवन के लिए किये जा रहे प्रयास सार्थक होंगे। चल-अचल संपत्ति का लाभ होने की संभावना है। राजनीतिक संबंधों का उपयोग कर लाभार्जन करेंगे।
सिंह: कार्यों में रुकावट आने की संभावना है। परंतु आय के स्रोत बने रहेंगे किंतु इस वर्ष अनावश्यक व्यय अधिक रहेगा। स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। मामूली विवाद भी बहुत बड़ा कानूनी विवाद बन सकता है।
कन्या: धन प्राप्ति के कई मार्ग खुलेंगे। दूर देशों की यात्रा भी हो सकती है। सहयोगियों के मदद से आर्थिक लाभ मिलेगा। घर में वाहन आदि का भी आगमन होगा, किंतु जल्दबाजी में चोट लगने की भी संभावना है।
तुला: कार्य में अनावश्यक व्यवधान आएंगे, किंतु आपके कुछ व्यक्तिगत समस्याएं भी सुलझ जाएंगी। समीप स्थानों की यात्रा होंगी। परिवार में मंगल कार्य होने से खर्च की अधिकता रहेगी। संतान की ओर से अच्छे समाचार मिलेंगे।
वृश्चिक: आपके लिए वर्ष 2021 भाग्योदय करने वाला है। प्रत्येक कार्य में आपको लाभ होने की बहुत अधिक संभावनाएं हैं। इस वर्ष परिश्रम और संघर्ष की अधिकता तो रहेगी, लेकिन लाभ पर्याप्त मात्रा मिलेगा। परिवार में प्रतिष्ठा बढ़ेगी।
धनु: हर्षोल्लास का वातावरण बनेगा। देव दर्शन यात्रा पर जाने का विचार भी हो सकता है। धन और प्रतिष्ठा का अनावश्यक हानि होने के आसार हैं। अपनी वाणी पर और कार्यों पर विश्वास रखें, परिश्रम करें तो सब कार्य सही से संपन्न होंगे।
मकर: परिवार में मंगल कार्य होंगे। कोई लंबी धार्मिक यात्रा होने की संभावना है। उच्च अधिकारियों से मधुर संबंध बनेंगे। कोई नया कार्य प्रारंभ होगा। धन का आवागमन ठीक प्रकार से होता रहेगा। पेट रोग होने की संभावना है।
कुंभ: पदोन्नति अथवा धन प्राप्ति के विशेष योग हैं। अधिक व्यस्तता के कारण स्वास्थ्य का ध्यान रखें। चल-अचल संपत्ति में बढ़ोतरी होगी। घर के उपयोगी वस्तुएं वाहन आदि भी खरीदने-बेचने का योग है।
मीन: भौतिक सुखों, उपयोग की सुख सामग्री प्राप्त होती रहेगी। रोग, ऋण और विवाद से राहत मिलेगी। इस वर्ष आपको किसी बड़े कार्य का अनुबंध मिलने की भी संभावना है। पारिवारिक मतभेद से बचें।

About Post Author

You may have missed