February 14, 2026

दानापुर में पागल कुत्ते का आतंक, तीन दर्जन लोगों को काट कर किया जख्मी

दानापुर। पटना के दानापुर थाने के बस पड़ाव पर सोमवार दोपहर में एक पागल कुते ने आंतक मचा कर रख दिया। पागल कुत्ते ने करीब तीन दर्जन लोगों को बुरी तरह काट खाया। जिससे अस्पताल मोड़, बस पड़ाव व पीपा पुल मार्ग पर आने-जाने वाले राहगीरों में दहशत व्याप्त है। पागल कुत्ते ने घूम-घूमकर दौड़ा-दौड़ाकर करीब तीन दर्जन लोगों को अपना शिकार बनाया। सोमवार दोपहर एक बजे बस पड़ाव के पास एक पागल कुत्ते ने रक्षा संपदा विभाग के दो कर्मी प्रणव श्रीवास्तव व अजय कुमार, भट्ठा रोड के सुभाष साव, नासरीगंज के नसीम, हरशामचक के सोनू, विरेंद्र व कासीमचक के मुन्न यादव समेत तीन दर्जन से अधिक लोगों को काट कर जख्मी कर दिया है। पागल कुत्ते ने लोगों को खदेड़ कर पैर का मांस तक नोच लिया है।


जख्मी लोगों ने बताया कि पागल कुत्ते के सामने जो भी आता था, उसे अपना शिकार बना रहा था। थोड़ी देर के लिए बस पड़ाव पर अफरा-तफरी मचा रहा। कई लोग कुत्ते से बचने के लिए कीचड़ में गिर भी पड़े। उसके बाद भी कुत्ते ने उसे नहीं छोड़ा। जख्मी लोग इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल व निजी अस्पताल में गये। जख्मी लोगों के पहुंचने पर अस्पताल में अफरा-तफरी मच गया। अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सभी जख्मी को प्राथमिक उपचार के बाद मंगलवार को एंटी रैबीज सुई देने के लिए बुलाया गया है। डॉ. सिंह ने बताया कि एंटी रैबीज सुई उपलब्ध है, सभी को दिया जायेगा।

You may have missed